विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'योगी ने बनाया सुशासन का राष्ट्रीय मॉडल', BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने सांसद-विधायकों की बैठक में की योगी सरकार की तारीफ

Published: Sun, 05 Jul 2026 01:25 AM (IST)

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने यूपी दौरे पर योगी सरकार की कानून-व्यवस्था को सुशासन का राष्ट्रीय माडल बताया। उन्होंने विपक्ष ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. नितिन नवीन ने योगी सरकार की कानून-व्यवस्था को सराहा।

  2. विपक्ष पर तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

  3. कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम विचारधारा पर चुनाव लड़ने को कहा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को उत्तर प्रदेश दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री व सांसदों के साथ होटल ताज में आयोजित बैठक में विपक्ष पर तंज कसा, वहीं योगी सरकार की कानून-व्यवस्था को सुशासन का राष्ट्रीय माडल बताया। कहा कि भाजपा के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश अब घोर निराशा, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के काले दौर से बाहर निकल गया है। भ्रामक नैरेटिव का शिकार हुए बिना कार्यकर्ता ताकत से चुनावी मैदान में उतरें।

नवीन ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले का उत्तर प्रदेश और वर्ष 2005 से पहले का बिहार एक ऐसे काले दौर से गुजर रहे थे, जब इन राज्यों की पहचान देश-दुनिया में केवल अराजकता, चरम भ्रष्टाचार और संकीर्ण जातिवाद के कारण होती थी। हर इलाके में अलग-अलग ‘क्षत्रप’ (बाहुबली और माफिया) समानांतर सत्ता चलाते थे।

योगी सरकार ने इन सभी अराजकतावादी तत्वों, माफिया और क्षेत्रीय क्षत्रपों का नाश कर कानून का राज स्थापित किया है, जिसकी चर्चा आज पूरे देश में एक माडल के रूप में हो रही है। उस दौर में कश्मीर में सरेआम पाकिस्तान के झंडे लहराए जाते थे, लेकिन भारत का राष्ट्रीय ध्वज ले जाने के लिए देशभक्तों को उसे सूटकेस और अखबार के बंडलों में छिपाकर ले जाना पड़ता था। आज लाल चौक पूरी शान से तिरंगा फहराता है। आगाह किया कि विपक्षी दल एक बार फिर जातियों का कार्ड खेलने की कोशिश कर रहे हैं।

राष्ट्र प्रथम की मूल विचारधारा पर चलेगी भाजपा 

भाजपा राष्ट्र प्रथम की अपनी मूल विचारधारा पर चलेगी। तमाम उपलब्धियों के बावजूद हम यूपी में मजबूत जनाधार को वोट में तब्दील नहीं कर पाए तो साफ है कि जनता से हमारा संवाद कम है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि बंगाल पर सबकी नजर थी, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संगठनात्मक कौशल ने जीत दिलाई। रोजगार पर आंकड़े रखते हुए योगी ने बागपत के एक गांव का उदाहरण दिया, जहां एक साथ 29 युवाओं का चयन हुआ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह प्रवास कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, और प्रेरणा का संचार करेगा।

सांसदों और विधायकों से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सेवा, सुशासन और संगठन है तथा प्रत्येक सांसद और विधायक को जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए विकास और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।