भाजपा के सांसद, विधायक और मंत्री फिर लगाएंगे गांवों में चौपाल
भाजपा सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी फिर गांवों में चौपाल लगाएंगे। एक से 15 जून तक पंचायत स्तर पर यह चौपाल लगेगी।
लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी फिर गांवों में चौपाल लगाएंगे। एक से 15 जून तक पंचायत स्तर पर यह चौपाल लगेगी। ग्राम स्वराज अभियान की तर्ज पर सांगठनिक दृष्टि से भाजपा के साढ़े 13 हजार सेक्टरों में यह दूसरा चरण शुरू होगा। इसमें वोट के लिहाज से कमजोर क्षेत्रों को चिह्नित कर सामाजिक समीकरण मजबूत किये जाएंगे। इस ग्राम चौपाल को लाभार्थी सम्मेलन का रूप दिया जाएगा। भाजपा ने इस कार्यक्रम के लिए जिम्मेदारी तय कर दी है। सभी छह क्षेत्रों के अध्यक्ष, संगठन मंत्री और जिलाध्यक्षों को भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने सर्कुलर भेजा है।
मंत्री, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर और संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों के अलावा जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री को सेक्टरवार प्रवास की जिम्मेदारी दी गई है। इन्हें तीन ग्राम पंचायतों और शहर की एक बस्ती में प्रवासी बनना है। हर प्रवासी को एक दिन में एक ही चौपाल करनी है। इस बार नेताओं को रात्रि विश्राम से मुक्त किया गया है। चौपाल शाम छह बजे से रात दस बजे तक होगी। इस चौपाल में पंचायत में निवास करने वाले विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी एवं पात्र व्यक्ति, भाजपा बूथ समिति तथा समर्थकों को शामिल किया जाएगा। इसमें उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण, सौभाग्य, आयुष्मान भारत, कर्जमाफी, सामूहिक विवाह, मुद्रा योजना और बीमा योजना से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इस अभियान में पिछड़े गांवों को विकसित गांव बनाने पर भी जोर होगा।