अयोध्या में भाजपा के ब्लाक प्रमुख पद प्रत्याशी पर जानलेवा हमला, हमलावरों ने किया जिंदा जलाने का प्रयास
सोहावल ब्लाक प्रमुख पद प्रत्याशी अनिल कुमार के ऊपर अड़कुना चौराहा के पास बुधवार रात जानलेवा हमला किया गया। कार सवार लोगों ने अनिल कुमार से मारपीट की। उनकी बलेनो कार को क्षतिग्रस्त कर दिया साथ ही उनके ऊपर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास भी किया।
अयोध्या, जागरण संवाददाता। भाजपा के सोहावल ब्लाक प्रमुख पद प्रत्याशी अनिल कुमार के ऊपर अड़कुना चौराहा के पास बुधवार रात जानलेवा हमला किया गया। कार सवार लोगों ने अनिल कुमार से मारपीट की। उनकी बलेनो कार को क्षतिग्रस्त कर दिया, साथ ही उनके ऊपर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास भी किया। हमले में अनिल के हाथ में चोटें आई हैं। वहीं, घटना स्थल पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ढाबे पर भोजन करने के निकलते ही किया हमला : अनिल कुमार अपने साथियों के साथ सुबह ही प्रचार के लिए निकले थे। बरई गांव निवासी व विधायक प्रतिनिधि डॉ. अमित सिंह चौहान के क़रीबी रमेश सिंह 'नानमून' ने बताया कि बलेनो कार में मैं, प्रमुख पद प्रत्याशी अनिल कुमार रावत तथा सारंगापुर के मजरे गोसाईं कुटी निवासी विक्रांत गोस्वामी 'पवन' तथा मुनीम गोस्वामी के साथ सुबह से प्रचार कर रहा था। भूख लगने पर निधि ढाबा में बैठकर हम लोग भोजन करने लगे। भोजन करने के बाद अनिल कुमार अपनी गाड़ी को अड़कुना ओवरब्रिज के नीचे से घुमाकर लखनऊ जाने वाले लेन पर जाने के लिये मुड़े ही थे कि एक कार से आये चार- पांच अज्ञात लोगों ने गालियां देकर गाड़ी रुकवा लिया। अनिल के साथ जमकर मारपीट की। उनके हाथ में चोटें आई हैं। अनिल की कार का दोनों साइड का गार्ड टूट गया है।
डिब्बे से उड़ेल दिया पेट्रोल, जिंदा जलाने की कोशिश : अनिल कुमार के अनुसार इसी बीच एक अज्ञात हमलावर ने जो अपने हाथ में एक डिब्बे में पेट्रोल लिया था। अनिल के ऊपर डालकर उनको जलाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर भारी पुलिस फ़ोर्स तैनात है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रकरण चुनाव से जुड़ा है या पुरानी रंजिश, पुलिस दोनों पहलुओं की जांच कर रही है। हमलावर कौन थे, किसकी शह पर यह हमला किया, इस भी पड़ताल की जा रही है।