Move to Jagran APP

बर्ड फ्लू को लेकर UP में अलर्ट, कानपुर चिड़ियाघर सील और लखनऊ जू में वन्य जीवों को चिकन की खुराक बंद

Bird Flu in UP देश में बर्ड फ्लू का संक्रमण केरल मध्य प्रदेश हरियाणा तथा गुजरात के साथ उत्तर प्रदेश में भी मिलने के बाद सरकार हाई अलर्ट पर है। उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में बीते एक हफ्ते से बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हो रही है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sun, 10 Jan 2021 01:48 PM (IST)Updated: Mon, 11 Jan 2021 07:07 AM (IST)
बर्ड फ्लू को लेकर UP में अलर्ट, कानपुर चिड़ियाघर सील और लखनऊ जू में वन्य जीवों को चिकन की खुराक बंद
चिड़ियाघर का एक किलोमीटर का दायरा कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया

लखनऊ, जेएनएन। देश के साथ अन्य राज्यों के साथ उत्तर प्रदेश में भी में बर्ड फ्लू की दस्तक के बीच योगी आदित्यनाथ सरकार ने हाई अलर्ट जारी किया है। कानपुर के चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद चिड़ियाघरको बंद कर दिया गया है जबकि लखनऊ के चिड़ियाघर के साथ दुधावा टाइगर रिजर्व में काफी सतर्कता बरती जा रही है।

loksabha election banner

देश में बर्ड फ्लू का संक्रमण केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा तथा गुजरात के साथ उत्तर प्रदेश में भी मिलने के बाद सरकार हाई अलर्ट पर है। महाराष्ट्र के साथ ही उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में बीते एक हफ्ते से बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हो रही है। इनमें की सर्वाधिक संख्या कौआ की है। माना जा रहा है कि कौआ इन दिनों बर्ड फ्लू के चपेट में आने के कारण मर रहे हैं।

कानपुर में बर्ड बर्ड फ्लू का पहला केस: उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू का पहले केस कानपुर के चिड़ियाघर में मिला है। यह केस सामने आने के बाद चिड़ियाघर को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है। कानपुर के चिड़ियाघर में रेड जंगल फाउल प्रजाति के मृत मिले मुर्गों की मौत बर्ड फ्लू से होने की पुष्टि हो गई है। यह बर्ड फ्लू से मौत का प्रदेश का पहला पुष्ट मामला है। इसकी पुष्टि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनीमल डिसीजेस भोपाल से होने के बाद शनिवार रात अफसरों ने चिड़ियाघर के सभी बाड़ों को बंद करा दिया है। इसके साथ चिड़ियाघर को दर्शकों के लिए अनिश्चितकाल तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। चिड़ियाघर में बुधवार को सात मुर्गे मरे मिले थे। गुरुवार को तीन और की मौत हो गई। इनमें से दो मुर्गों का क्वैकल स्वैब (आंतरिक भाग का नमूना) जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनीमल डिसीजेस भोपाल भेजा गया था। दोनों जंगली मुर्गों में बर्ड फ्लू एच-5 की पुष्टि हुई है। इसके साथ एहतियातन यहां पर सभी पक्षियों को मारने का भी आदेश दिया गया है। अब चिड़ियाघर का एक किलोमीटर का दायरा कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसके साथ चिड़ियाघर के दस किमी के दायरे में मांस की दुकानों को भी बंद करा दिया गया है।

लखनऊ जू का बर्ड सेक्शन बंद: बर्ड फ्लू के बढ़ते प्रकोप के कारण लखनऊ चिड़ियाघर का बर्ड सेक्शन दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया है। बर्ड हाउस के पास भी लोगों के जाने पर रोक लगा दी गई है। चिड़ियाघर के निदेशक आरके सिंह ने कहा कि पक्षियों में किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर उन्हेंं तुरंत आइसोलेट किया जा रहा है। निदेशक आरके सिंह ने कहा कि बर्ड फ्लू की आशंकाओं को देखते हुए एहतियातन चिड़िया के बाड़े के साथ बत्तख के पौंड को बंद कर दिया गया है।

नवंबर से दिसंबर तक प्रवासी पक्षियों का भारत में बड़ी संख्या में आगमन होता है। जिसके बाद पक्षी जनवरी-फरवरी तक यहीं प्रवास करते है। मार्च तक पक्षी वापस लौटते हैं। प्रवासी पक्षियों की बीट में वायरस होने की वजह से बर्ड फ्लू फैलता है। इसी कारण इस मौसम में बर्ड फ्लू की आशंकाएं सबसे ज्यादा होती हैं। इन्हीं तमाम चीजों को देखते हुए एहतियात चिडिय़ों के बर्ड सेक्शन को बंद किया गया है। चिडिय़ाघर के सभी परिंदों पर खास नजर रखी जा रही है, खासकर विदेशी पक्षियों पर। हर बाड़े पर निगरानी रखी जा रही है। अगर कोई भी परिंदा मरता है या किसी भी तरह से आ व्यवहारिक दिखता है तो उसे तुरंत आइसोलेट किया जा रहा है। इसके साथ ही डॉक्टरों की टीम भी 24 घंटे मुस्तैद है।

लखनऊ जू में जीवों को नहीं दी जाएगी चिकन की खुराक: प्रदेश में भी बर्ड फ्लू की दस्तक के बीच निगरानी काफी बढ़ा दी गई है। कानपुर के चिड़ियाघर को तो बंद कर दिया गया है जबकि लखनऊ में जू प्रशासन ने भी बर्ड फ्लू की दस्तक के बीच बड़ा फैसला लिया है। यहां पर अब वन्यजीवों को चिकन की खुराक बंद कर दी गई है। इसके साथ ही अब अंडे को भी करीब 20 मिनट तक उबालने के बाद ही किसी वन्य जीव को देने के निर्देश हैं। लखनऊ में अब चिड़ियाघर में प्रवेश करने वालों को हर गेट पर फुटवॉश से गुजरना होगा। इसके साथ ही जू आने वालों को हैंड सेनीटाइज करना अनिवार्य कर दिया गया है।

दुघवा में सभी पक्षियों पर नजर: लखीमपुर खीरी के दुधवा नेशनल पार्क क्षेत्र में बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। यहां पर बड़ी संख्या में आने वाले प्रवासी पक्षियों की निगरानी में टीमों को लगाया गया है। यहां पर सभी को किसी भी पक्षी का शव मिलने की सूचना देने के निर्देश हैं। दुधवा में फिलहाल 450 से अधिक पक्षियों की प्रजाति है।

बिजनौर में मिले चार कौओं के शव: बिजनौर में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में चार कौओं की मौत के बाद जिला प्रशासन काफी सतर्क है। यहां के नूरपुर थाना क्षेत्र के गल्लाखेड़ी में चार कौओं के शव मिले हैं। कौओं के शव मिलने के कारण यहां पर बर्ड फ्लू की आशंका में बड़ी संख्या में ग्रामीण दहशत में हैं। उधर बर्ड फ्लू की आशंका को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.