Agra Express Way accident : खड़ी गाड़ी में घुसी बाइक, दो की मौत Lucknow News
लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर हुई दुर्घटना। खड़ी कार में टकराई बाइक दो की मौत।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी के पारा क्षेत्र में आगरा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक पीछे से खड़ी कार में जा घुसी। हादसे में बिना हेलमेट बाइक चला रहे दो दोस्तों की मौत हो गई। मोनू अपने साथी के साथ काम करने आ रहा था।
ये है पूरा मामला
कानपुर नगर के बिल्हौर क्षेत्र के अरौल हलपुरा गांव निवासी अनुज कटियार (27) मोहनलालगंज में बिजली विभाग की एक साइट पर मजदूरी करता था। शुक्रवार को वह साथी मोनू कटियार (28) के साथ साइट पर आ रहा था। इस बीच पारा क्षेत्र में आगरा एक्सप्रेस-वे पर खड़ी एक कार में पीछे से बाइक जा घुसी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार महाराज सवई सिंह की सूचना पर पहुंची पारा पुलिस दोनों को ट्रामा लेकर पहुंची। जहां, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अनुज के चचेरे भाई सुधीर और मोनू के भाई आशीष पहुंचे। उन्होंने बताया कि मोनू के अलावा परिवार में पिता रमेश चंद, मां कमला हैं।
वहीं, अनुज इकलौता था। परिवार में उनके पिता विक्रमादित्य, मां शीला देवी, और पत्नी है। एक साल पहले ही अनुज का विवाह हुआ था। मोनू काम की तलाश में अनुज के साथ आ रहा था। पारा इंस्पेक्टर त्रिलोकी सिंह ने बताया कि कार सवार सवई सिंह संत हैं। वह अपने तीन साथियों के साथ कार राजस्थान से बिहार जा रहे थे। इस बीच एक्सप्रेस-वे पर गाड़ी खड़ी कर जीपीएस से रास्ते की जानकारी कर रहे थे। मृतकों के परिवारीजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। अनुज और उसके साथी ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
हेलमेट होता तो बच सकते थे दोनों
पुलिस के मुताबिक, अगर दोनों हेलमेट लगाए होते तो उनकी जान बच सकती थी। क्योंकि कार से भिड़ंत के बाद उनके सिर और चेहरे को छोड़कर कहीं चोट नहीं आयी है। हादसे में अनुज का सिर फटा है और मोनू का जबड़ा टूट गया।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस दुर्घटना में गई थी 29 जानें
बता दें, बीती 8 जुलाई को आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर लखनऊ से दिल्ली जा रही राज्य सड़क परिवहन निगम की जनरथ सेवा की बस की दुर्घटनाग्रस्त हुई। घटना में 29 लोगों की मौत हुई थी। मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक ने दुख प्रकट किया था। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में लापरवाही को तत्काल उजाकर करने का भी निर्देश दिया था।