'लोकल' हुनर भरेगा 'ग्लोबल' उड़ान: UPITS-2026 के लिए बिजनौर की 10 प्रमुख इकाइयों का चयन, विदेशी बायर्स से सीधे जुड़ेंगे हस्तशिल्पी
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस-2026) के चौथे संस्करण के लिए बिजनौर की 10 प्रमुख औद्योगिक इकाइयों का चयन किया ...और पढ़ें
-1790266064255_m.webp)
HighLights
यूपीआईटीएस-2026 के लिए बिजनौर की 10 इकाइयां चयनित।
नगीना की विश्वप्रसिद्ध काष्ठ कला को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच।
विदुर हर्बल टी और चुकंदर के गुड़ का भी होगा प्रदर्शन।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। 'उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो' (यूपीआईटीएस-2026) के चौथे संस्करण में बिजनौर का अनूठा हुनर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरने के लिए तैयार है। नगीना की विश्वप्रसिद्ध काष्ठ कला से लेकर आध्यात्मिक 'विदुर हर्बल टी', स्टोन क्राफ्ट और आधुनिक हेयर विग्स तक, जिले की 10 प्रमुख औद्योगिक इकाइयों को प्रदेश सरकार के इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए चुना गया है। दुनिया भर के आयातकों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों की मौजूदगी वाला यह महाकुंभ बिजनौर के कुटीर उद्योगों को सीधे ग्लोबल सप्लाई चेन से जुड़ने का ऐतिहासिक अवसर प्रदान करेगा।
नगीना के काष्ठ शिल्प को मिलेगा ग्लोबल मंच
शीशम की लकड़ी पर बारीक नक्काशी के लिए मशहूर नगीना क्षेत्र की तीन प्रमुख इकाइयां इस ट्रेड शो में वुडन हैंडीक्राफ्ट सेक्टर का प्रतिनिधित्व करेंगी। उद्यमी रोहित कुमार की 'आर०के० हैंडीक्राफ्ट', विक्रम सिंह चौहान की 'श्री जी क्राफ्ट' और तारिक अब्दुल्ला की 'हैंडओवर इंटरनेशनल' अपने उत्कृष्ट उत्पादों की विस्तृत रेंज पेश करेंगी। अंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयार इन कलाकृतियों के प्रदर्शन से स्थानीय कारीगरों को विदेशी बायर्स से सीधे दीर्घकालिक थोक अनुबंध मिलने की उम्मीद है।
स्टोन क्राफ्ट, टेक्सटाइल और हेयर फैशन का दिखेगा जलवा
शिल्प और परिधान के क्षेत्र में भी जिले की विविधता प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण होगी। स्टोन हैंडीक्राफ्ट वर्ग में अंकिता राजपूत की 'मलिहार' और शमीम अख्तर के नेतृत्व वाली 'नगीना क्राफ्ट डेवलपमेन्ट सोसाईटी' उत्कृष्ट हस्तनिर्मित पत्थर के उत्पाद प्रदर्शित करेंगी। वस्त्र उद्योग में मो० फैज की 'ए टू एफ टेक्सटाइल' उच्च गुणवत्ता वाले हैंडलूम फैब्रिक्स के साथ उतरेगी। वहीं, आधुनिक कॉस्मेटिक बाजार की मांग को देखते हुए सलीम अहमद की 'हेयर फैशन इण्डिया' प्रीमियम हेयर विग्स की अंतरराष्ट्रीय रेंज पेश करेगी।
विदुर हर्बल टी और चुकंदर के गुड़ का सजेगा स्वाद
कृषि-आधारित नवाचार और पारंपरिक खाद्य प्रसंस्करण में बिजनौर अपनी अलग पहचान पेश करेगा। वासुदेव सिंह की इकाई 'वीएस ग्रुप' पौराणिक विरासत से जुड़ी 'विदुर हर्बल टी' का प्रदर्शन करेगी। नवाचार के तहत विजेन्द्र कुमार की 'क्रिएटिव फार्मिंग प्रोड्यूसर कम्पनी लि०' चुकंदर से बना सफेद गुड़ (व्हाइट बीटरूट जैगरी) और साइलेज प्रस्तुत करेगी। स्थानीय मिष्ठान परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नवनीत कुमार की 'चतुर्वेदी फूड प्रा०लि०' बतीसा, सोहनपापड़ी और खस्ता गजक की मिठास को वैश्विक मंच पर लेकर जाएगी।
सीधे B2B संवाद से ग्रामीण आर्थिकी को मिलेगी रफ्तार
यूपीआईटीएस-2026 जिले के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) के लिए एक ठोस जरिया बनेगा। इस मंच के माध्यम से छोटे उद्यमी बिना बिचौलियों के सीधे संस्थागत निवेशकों और विदेशी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के साथ बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) संवाद कर सकेंगे। इससे पारंपरिक कारीगरों को नियमित काम मिलने के साथ-साथ कृषि-खाद्य प्रसंस्करण और हथकरघा क्षेत्रों में ग्रामीण स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
वैश्विक साख स्थापित करने का स्वर्णिम अवसर
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, बिजनौर के उपायुक्त उद्योग अमित कुमार के अनुसार, यह आयोजन बिजनौर के हुनर को वैश्विक फलक पर स्थापित करने का एक स्वर्णिम अवसर है। सभी 10 चयनित इकाइयों में अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करने की क्षमता है। उद्योग विभाग का प्राथमिक लक्ष्य इन उद्यमियों को बड़े निर्यातकों से जोड़कर ठोस व्यापारिक समझौते सुनिश्चित करना है, ताकि बिजनौर के उत्पाद पूरी दुनिया में अपनी अमिट छाप छोड़ सकें।
