इंटरनेट डेटा की खपत में बिहार राज्य देश में सबसे आगे, यूट्यूब बना है पहली पसंद
Internet Data Consumption: इंटरनेट की खपत के मामले में बिहार जैसे राज्य देश के बड़े और अधिक आबादी वाले परिक्षेत्र को पीछे छोड़ रहे हैं।

इंटरनेट पर डेटा का करीब एक चौथाई हिस्सा यूट्यूब पर वीडियो देखने में इस्तेमाल
HighLights
देश में प्रतिदिन 49.1 पेटाबाइट (PB) डेटा खर्च कर रहे बिहार के लोग
डेटा व्यय में महाराष्ट्र दूसरे व उप्र पूर्व परिक्षेत्र तीसरे पायदान पर
महेन्द्र पाण्डेय, लखनऊ। मोबाइल फोन के साथ आईपैड की स्क्रीन पर लगातार स्क्रॉलिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग और सोशल मीडिया पर सक्रियता ने इंटरनेट की खपत को नई ऊंचाई दे दी है। डेटा व्यय का जब ब्यौरा खंगाला गया तो देश में इंटरनेट इस्तेमाल के मामले में बिहार सबसे आगे है।
दूरसंचार के आंकड़ों के अनुसार, बिहार में प्रतिदिन 49.1 पेटाबाइट (पीबी) डेटा का उपयोग किया जा रहा है। यह करीब पांच करोड़ 14 लाख जीबी के बराबर है। इसी प्रकार डेटा खपत के मामले में महाराष्ट्र दूसरे और उत्तर प्रदेश पूर्व परिक्षेत्र तीसरे स्थान पर है।
इंटरनेट की इस दुनिया में सिर्फ कनेक्टिविटी ही नहीं बढ़ी है। मनोरंजन के लिए वीडियो देखने व सोशल मीडिया पर समय बिताने के लिए आनलाइन प्लेटफार्म का उपयोग खूब किया जा रहा है। बिहार में इंटरनेट की बढ़ती पहुंच और स्मार्टफोन के व्यापक इस्तेमाल का असर डेटा खपत में साफ दिखाई दे रहा है। वहां यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर पर रील देखने में खूब डेटा खर्च किया जा रहा है।
महाराष्ट्र में प्रतिदिन 48.7 पीबी, जबकि उत्तर प्रदेश पूर्व में 42.31 पीबी डेटा की खपत हो रही है। देशभर में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की पहली पसंद यूट्यूब बना हुआ है। कुल डेटा खपत में यूट्यूब की हिस्सेदारी 24.3 प्रतिशत है।
यानी इंटरनेट पर डेटा का करीब एक चौथाई हिस्सा यूट्यूब पर वीडियो देखने में इस्तेमाल हो रहा है। इंस्टाग्राम दूसरे स्थान पर है। इस प्लेटफार्म पर 21.7 प्रतिशत डेटा खर्च किया जा रहा है। फेसबुक की हिस्सेदारी 17.5 प्रतिशत है। इसके बाद गूगल पर सर्चिंग और दूसरी आनलाइन गतिविधियों में डेटा खर्च किया जा रहा है।
डेटा खपत के मामले में वाट्सएप पांचवें पायदान पर है। तथ्यों से स्पष्ट है कि इंटरनेट का इस्तेमाल अब केवल बातचीत या जानकारी हासिल करने तक सीमित नहीं है। दूरसंचार विभाग उत्तर प्रदेश पूर्व क्षेत्र के अपर महानिदेशक मनीष त्रिपाठी कहते हैं कि वीडियो और सोशल मीडिया प्लेटफार्म लोगों की डिजिटल दिनचर्या का बड़ा हिस्सा बन चुके हैं।
इंटरनेट की खपत के मामले में बिहार जैसे राज्य देश के बड़े और अधिक आबादी वाले परिक्षेत्र को पीछे छोड़ रहे हैं। इससे डिजिटल सेवाओं, मोबाइल इंटरनेट और आनलाइन मनोरंजन की बढ़ती पहुंच का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कैसे होती है डेटा की खपत
वीडियो स्ट्रीमिंग: यूट्यूब, नेटफ्लिक्स या अन्य ओटीटी ऐप्स पर वीडियो देखने से सबसे ज्यादा डेटा खर्च होता है।
सोशल मीडिया: इंस्टाग्राम, फेसबुक या अन्य ऐप्स पर रील्स और फोटो देखने पर भी मेगाबाइट (MB) खर्च होते हैं।
डाउनलोडिंग और अपडेट: बड़ी फाइलें डाउनलोड करने या ऐप्स को ऑटो-अपडेट पर रखने से बहुत जल्दी डेटा समाप्त हो जाता है।
आंकड़ों पर एक नजर
दूरसंचार क्षेत्र डेटा उपयोग
बिहार 49.1 पीबी
महाराष्ट्र 48.7
उप्र पूर्व 42.31
गुजरात 42.2
मध्य प्रदेश 41.3
प्लेटफार्म डेटा उपयोग
यूट्यूब 24.3 प्रतिशत
इंस्टाग्राम 21.7 प्रतिशत
फेसबुक 17.5 प्रतिशत
गूगल 5.2 प्रतिशत
वाट्सएप 3.5 प्रतिशत।
यह भी पढ़ें- फोन की 3 सेटिंग्स बदलें, 1.5GB डेटा चलेगा पूरा दिन; नहीं करना पड़ेगा एक्स्ट्रा रिचार्ज!
यह भी पढ़ें- दुनिया से आगे निकला भारत, मोबाइल डेटा खपत में बनाया नया रिकॉर्ड, क्या अब 6G आएगा?
