बजरंग दल का एलान, एक नहीं दो लड़कियां उठाएंगे
बागपत के जौहड़ी गांव के मामले में बजरंग दल ने एलान किया कि आरोपी पक्ष ने पीडि़त परिवार की एक लड़की उठाई है, बदले में हम उनके घर की दो लड़कियां उठा लेंगे।
लखनऊ (जेएनएन)। बागपत के बिनौली क्षेत्र के जौहड़ी गांव से एक पखवाड़ा पहले अपहृत किशोरी की बरामदगी न होने पर पुलिस के खिलाफ गुस्सा भड़क उठा है। आज बजरंग दल के जिला संयोजक ने एलान किया कि आरोपी पक्ष ने पीडि़त परिवार की एक लड़की उठाई है, बदले में हम उनके घर की दो लड़कियां उठा लेंगे। इस ऐलान को पुलिस चुपचाप सुनती रही। किशोरी की बरामदगी को लोगों ने हंगामा भी किया। फजीहत हुई तो पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए।
इसे भी पढ़ें-पंचायत का फरमानः किशोरी के अपहर्ता की बहन उठाने का फरमान
आज सुबह कश्यप युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद कश्यप और बजरंग दल के जिला संयोजक विनोद खिंदौड़ा कार्यकर्ताओं के साथ जौहड़ी गांव में अपहृत किशोरी के घर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। किशोरी के भाई अनिल ने दुखड़ा सुनाते हुए कहा कि बिनौली पुलिस उन्हें परेशान कर रही है और आला-अफसरों के पास शिकायत न करने का दबाव बना रही है। हलका दारोगा आरोपी को पकडऩे को दबिश के लिए किराए पर कार लाने का दबाव डाल रहा है। मंगलवार से कई बार हमें थाने बुलाया जा चुका है। एसओ बिनौली केवल आश्वासन दे रहे हैं।
इसे भी पढ़ें-मुजफ्फरनगर में पत्नी से दुष्कर्म के आरोपी की बेटी से सामूहिक दुष्कर्म
बजरंग दल का हंगामा
जौहड़ी गांव के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर बजरंग दल और कश्यप नेता ने हंगामा कर दिया। बजरंग दल के जिला संयोजक विनोद खिंदौड़ा ने पुलिस के सामने ऐलान किया कि आरोपी पक्ष ने गरीब परिवार की एक लड़की उठाई है। बजरंग दल पीडि़त परिवार के साथ खड़ा है। हम बदले में एक नहीं, उनकी दो लड़कियां उठा लेंगे। पुलिस कानून व्यवस्था बनाना चाहती है तो समय से किशोरी को बरामद कर ले अन्यथा वक्त ही बताएगा कि आगे क्या होगा। कश्यप युवा मंच के प्रदेशाध्यक्ष ने एसओ के सामने चेतावनी दी कि अपहरण कश्यप समाज की बेटी का हुआ है। पांच जुलाई तक पुलिस ने किशोरी को बरामद नहीं किया तो वह बिनौली थाने के गेट पर कैरोसिन छिड़ककर आत्मदाह कर लेंगे। काफी लोगों ने पुलिस को खरी-खोटी सुनाई। मामला गरमाता देख सीओ कर्मवीर संह किशोरी के घर पहुंचे और पीडि़त परिवार से बंद कमरे में बातचीत की। इसके बाद आनन-फानन में आरोपी सोनू के भाई फुरकान और इनाम निवासी रसूलपुर धौलड़ी, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी बागपत पूनम ने कहा कि अपहृत लड़की के घर हमने वीडियोग्राफी कराई है। जांच की जाएगी कि किसने क्या-क्या बयान दिए। अनाप-शनाप बयान देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। लड़की को जल्द बरामद कर लिया जाएगा।