यूपी में बसपा को झटका, कोआर्डिनेटर समेत दर्जनों कार्यकर्ता और नेता सपा में हुए शामिल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व समाजवादी पार्टी का बहुजन समाज पार्टी को झटका देने का अभियान जारी है। रविवार को दर्जनों बसपा कार्यकर्ताओं व नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इन सभी का समाजवादी पार्टी में आने पर स्वागत किया।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो] उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व समाजवादी पार्टी का बहुजन समाज पार्टी को झटका देने का अभियान जारी है। रविवार को गौतमबुद्धनगर के कोआर्डिनेटर मनोज कुमार गौतम समेत दर्जनों बसपा कार्यकर्ताओं व नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
गौतमबुद्धनगर के बसपा कोआर्डिनेटर व पूर्व प्रत्याशी लोकसभा गौतम के साथ रंजीत सिंह पूर्व सदस्य एससी-एसटी आयोग भारत सरकार, दिवाकर गौतम कोआर्डिनेटर अलीगढ़-आगरा मंडल, गुरदीप सिंह पूर्व जिलाध्यक्ष, गुफरान कुरैशी पूर्व जिला महासचिव बुलंदशहर अपने समर्थकों सहित समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।
उधर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की उपस्थिति में फीरोजाबाद के आधे दर्जन से अधिक प्रमुख नेता बसपा छोड़कर सपा में शामिल हो गए। इस अवसर पर प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रामगोपाल यादव की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इन साथियों के समाजवादी पार्टी में आने का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि 2022 के चुनाव में इनके सहयोग से समाजवादी पार्टी को ताकत मिलेगी।
किसानों के मुद्दे पर जन विरोध के कारण भाजपा के एक मुख्यमंत्री अपने क्षेत्र में हैलीकॉप्टर नहीं उतरवा पाए थे और अब भाजपा के सांसद, विधायक, कार्यकर्ता व समर्थक जनता के बीच से भगाए जा रहे हैं।
अब भाजपा के लिए न तो आकाश बचा है, न भूमि। अब भाजपाइयों के भूमिगत होने का समय आ गया है। pic.twitter.com/mH1LCQHmKO— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 21, 2021
समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में राकेश बाबू एडवोकेट पूर्व विधायक टूंडला, प्रमोद कुमार पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष फिरोजाबाद है। इनके अतिरिक्त टूंडला के ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुजीत वाल्मीकि, पूर्व सांसद रघुनाथ वर्मा के दोहते अश्विनी वर्मा, भीकनपुर के रवीन्द्र लोधी एडवोकेट व राधेश्याम कश्यप और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष टूंडला वीरेन्द्र ओझा भी बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं।