लोकल से ग्लोबल: जीआई टैग वाली बुनाई और शहद की मिठास, इंटरनेशनल ट्रेड शो में छा जाने को तैयार बागपत के उद्यमी
बागपत के खेकड़ा हथकरघा बुनाई, आयुर्वेदिक शहद और बालूशाही जैसे उत्पाद 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होने ...और पढ़ें
-1789735743210_m.webp)
HighLights
खेकड़ा की जीआई टैग वाली हथकरघा बुनाई वैश्विक बाजार में जाएगी।
बागपत का शुद्ध आयुर्वेदिक शहद और मिलेट्स भी होंगे प्रदर्शित।
अमीनगर सराय का घेवर और बागपत की बालूशाही लुभाएगी विदेशियों को।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। खेकड़ा की पीढ़ियों पुरानी हथकरघा बुनाई, आयुर्वेदिक शहद की शुद्धता और बालूशाही की मिठास अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपना डंका बजाने को पूरी तरह तैयार है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) में बागपत के उत्पादों की बड़ी रेंज प्रदर्शित की जाएगी। इस वैश्विक मंच पर जिले के 20 से अधिक नवीन निर्यातक, ओडीओपी (ODOP) उत्पादक, एमएसएमई, महिला और युवा उद्यमी अपनी व्यावसायिक ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
विदेशी खरीदारों को लुभाएगी जीआई टैग वाली खेकड़ा बुनाई
इस ट्रेड शो में सबसे बड़ा आकर्षण 'बागपत होम फर्निशिंग' के उत्पाद रहेंगे, जिन्हें जून 2023 में प्रतिष्ठित जीआई (Geographical Indication) टैग प्राप्त हो चुका है। खेकड़ा स्थित 'मास्टर वीवर्स कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड' के कुशल कारीगर सूती धागे और फ्रेम लूम का उपयोग करके बेहद मजबूत और आकर्षक बेडशीट, पर्दे, मेजपोश और रनिंग फैब्रिक तैयार करते हैं। हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग निदेशालय के प्रयासों से मिली यह पहचान अब सिंगापुर, जापान और रूस जैसे देशों के खरीदारों तक सीधे पहुंचेगी।
20 से अधिक स्टॉल्स पर दिखेगा एमएसएमई और युवा उद्यमियों का दम
यूपीआईटीएस में बागपत के उद्यमियों की भारी मौजूदगी रहेगी। हॉल 14 में वीवर्स प्वाइंट, शाहिद टेक्स इंडिया, वाया होम्स और विनय एक्सपोर्ट जैसे नवीन निर्यातकों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। वहीं, ओडीओपी श्रेणी (हॉल 9) में शमशाद टेक्सटाइल, द राइजिंग सन, बंसल टेक्सटाइल्स और त्रिसव टेक्सटाइल को जगह मिली है। महिला व युवा उद्यमियों की श्रेणी में नसरीन टेक्सटाइल्स, चारवेदा ऑर्गेनिक्स और अंबेडकर महिला केंद्र जैसे नाम भी शामिल हैं। उपायुक्त उद्योग राजेंद्र सिंह के अनुसार, इस आयोजन को लेकर जिले के उद्यमियों में भारी उत्साह है और यह उनके उत्पादों को एक नई वैश्विक पहचान दिलाएगा।
आयुर्वेद और कृषि उत्पादों की भी रहेगी धूम
कपड़ा उद्योग के साथ-साथ बागपत के कृषि और आयुर्वेदिक उत्पाद भी ट्रेड शो का हिस्सा बनेंगे। 'अम्ब्रोसिया नेचुरल्स' का शुद्ध शहद और 'बागपत ब्लूम प्रोड्यूसर कंपनी' के मिलेट्स (मोटे अनाज) जिले की स्वास्थ्यपरक और आयुर्वेदिक पहचान को दुनिया के सामने रखेंगे।
ओडीओसी पैवेलियन: विदेशियों के मुंह में घुलेगी घेवर-बालूशाही की मिठास
इस बार के इंटरनेशनल ट्रेड शो की एक और बड़ी खासियत योगी सरकार की 'एक जिला एक व्यंजन' (ODOC) पहल है। इसके तहत बनाए गए विशेष ओडीओसी पैवेलियन में बागपत के व्यंजनों की सोंधी महक और मिठास भी मौजूद रहेगी। अमीनगर सराय का विश्व प्रसिद्ध घेवर और बागपत की मशहूर बालूशाही यहां सिंगापुर, वियतनाम, इंडोनेशिया, मलेशिया, जापान, रूस, थाईलैंड और ऑस्ट्रिया से आने वाले विदेशी मेहमानों का मुंह मीठा कराएगी।
एक नजर में यूपीआईटीएस और बागपत
आयोजन: चौथा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (25 से 29 सितंबर)
स्थान: इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा
बागपत की भागीदारी: 20 से अधिक स्टॉल (नवीन निर्यातक, ओडीओपी, एमएसएमई)
मुख्य जीआई उत्पाद: बागपत होम फर्निशिंग (खेकड़ा हथकरघा बुनाई)
प्रमुख स्वाद (ODOC): अमीनगर सराय का घेवर और बागपत की बालूशाही
अन्य आकर्षण: अम्ब्रोसिया नेचुरल्स शहद और बागपत ब्लूम के मिलेट्स
