लोहिया अस्पताल में लापरवाही से गर्भस्थ की मौत, डॉक्टरों पर FIR
आरोप है कि डॉक्टरों ने महिला की नार्मल डिलीवरी करवाने में लापरवाही की जिसकी वजह से गर्भस्थ की मौत हो गई।
लखनऊ, जेएनएन। लोहिया अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही को लेकर एफआइआर दर्ज की गई है। आरोप है कि अस्पताल के स्त्री रोग विभाग के डॉक्टरों ने महिला की नार्मल डिलीवरी करवाने में लापरवाही की जिसकी वजह से गर्भस्थ की मौत हो गई।
दरअसल, बैननपुरवा गांव विभूति खंड निवासी विशाल कश्यप की गर्भवती पत्नी एकता कश्यप को गत शनिवार सुबह लोहिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया। परिवारीजनों का कहना है कि एकता को प्रसव पीड़ा नहीं हो रही थी डिलीवरी का समय ऊपर हो चुका था। शाम तक एकता को लेबर पेन की दवा दी गई। इसके बाद भी उसे प्रसव पीड़ा नहीं हुई। देर रात गर्भवती को लेबर रूम ले जाया गया। थोड़ी देर बाद बताया गया कि बच्चे की मौत हो चुकी है। आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सकों पर आरोप लगाया कि कहने के पर भी ऑपरेशन नहीं किया न ही अल्ट्रासाउंड किया। समय पर अल्ट्रासाउंड हो जाता तो बच्चे को बचाया जा सकता था। परिजनों की तहरीर पर रविवार को दो स्त्री रोग विशेषज्ञों पर विभूति खंड थाने में एफआइआर दर्ज की गई है।
नाल फंसने से हुई थी मौत: अधीक्षक
लोहिया अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सरिता सक्सेना ने बताया कि गर्भवती को प्रसव पीड़ा हो रही थी। नार्मल डिलीवरी करवाई गई थी। गले में नाल फंसने से बच्चे की मौत हो गई। एकता का अंतिम माह का अल्ट्रासाउंड भी किया गया था। इसमें सब ठीक था। डिलीवरी के अंतिम समय में कुछ भी हो सकता है। जांच करवाई जा रही है।