सलाम न करने पर लविवि में बीए के छात्र को पीटा, फिर तमंचे से किए कई फायर
लविवि में बीए सेकेंड ईयर के छात्र को जमकर पीटा। घायल छात्र को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी स्थित लविवि में मंगलवार को अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। यहां बीए सेकेंड ईयर के छात्र अभिषेक को परिसर में ही पांच से अधिक लोगों ने जमकर पीटा। बताया जा रहा है कि घटना में तमंचे से कई फायर भी किए गए। एक गोली छात्र के हाथ को छूकर निकल गई। इसके साथ ही छात्र को तमंचे के बट और सरिया से मार कर लहूलुहान कर भाग निकले। आननफानन में छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नहीं किया सलाम ताे कर दिया ये हाल
पारा इलाके का रहने वाले घायल छात्र अभिषेक के मुताबकि, सीतापुर निवासी पूर्व छात्र अनुराग तिवारी और धनंजय सिंह व शैलेन्द्र सिंह छात्रों के बीच दबदबा बनाए हुए हैं। ज्यादातर कॉलेज परिसर में ही रहते हैं। आरोपित अनुराग खुद को सलाम करवाने के लिए दबाव बना रहा था, इन्कार करने पर पिछले कई दिनों से परेशान कर रहा था। वहीं, आज कॉलेज के गेट नंबर एक के पास पहुंचते ही अनुराग तिवारी ने अपने साथियों के साथ हमला कर दिया। पहले पीटा फिर तमंचा तान दिया।
कॉलेज में हड़कंप, बुलाई गई बैठक
वहीं, घटना के चलते कॉलेज में हड़कंप मच गया। प्रो. विनोद सिंह ने तत्काल बैठक बुलाई। उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा सख्त एक्शन लिया जाएगा। उधर, एएसपी ट्रांसगोमती हरेंद्र कुमार और सीओ महानगर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
क्या कहना है पुलिस का ?
सीओ महानगर संतोष सिंह के मुताबिक, लविवि के छात्र अभिषेक सिंह के पत्थर और हॉकी से वार में सिर पर चोट लगी है। पुलिस अनुराग तिवारी, धनंजय समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमले की एफआइआर दर्ज करने की तैयारी कर रही है। आरोपितो की तलाश में दबिश दी जा रही है। कॉलेज परिसर में लगे सीसी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।