UP COVID-19 News: आयुष चिकित्सालय भी कोरोना अस्पताल में होंगे तब्दील, वाराणसी व पीलीभीत से शुरूआत
UP COVID-19 News प्रदेश में 2014 आयुष चिकित्सालय हैं और इसमें आठ बड़े अस्पताल शामिल हैं। वाराणसी के राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय को लेवल टू का कोरोना अस्पताल बनाया जा रहा है। यहां पर ऑक्सीजन प्लांट भी लगाया जा रहा है। इसके बाद प्रदेश में अणु तेल बनेगा।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। UP COVID-19 News: वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से मजबूती के साथ निपटने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार अब अब आयुष चिकित्सालयों को भी कोविड अस्पतालों में तब्दील करेगी। आयुष विभाग द्वारा संचालित इन चिकित्सालयों को कोरोना अस्पताल बनाए जाने से मरीजों को राहत मिलेगी। वाराणसी के राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय को लेवल टू का कोरोना अस्पताल बनाया जा रहा है। यहां पर ऑक्सीजन प्लांट भी लगाया जा रहा है। हफ्ते भर में यह अस्पताल शुरू हो जाएगा। वहीं, पीलीभीत के आयुष चिकित्सालय को भी संसाधन बढ़ाकर लेवल टू के कोरोना अस्पताल में तब्दील किया जाएगा। यहां भी ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा।
होम आइसोलेशन मरीजों को काढ़ा व तेल: कोरोना संक्रमण को मात देने में आयुष विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आयुष विभाग के प्रभारी अधिकारी डॉ. अशोक कुमार दीक्षित ने बताया कि प्रदेश में 2,014 आयुष चिकित्सालय हैं और इसमें आठ बड़े अस्पताल शामिल हैं। होम आइसोलेशन के मरीजों को काढ़ा, दवाएं और नाक में डालने के लिए अणु तेल दिया जा रहा है। अणु तेल कोरोना संक्रमण रोकने में अहम भूमिका निभा रहा है।
प्रदेश में बनेगा अणु तेल: डॉ. अशोक कुमार दीक्षित ने बताया कि अभी भारत सरकार की ओर से अणु तेल उत्तर प्रदेश के आयुष अस्पतालों को भेजा जा रहा है। मांग बढ़ने के कारण अब अणु तेल को यूपी के ही आयुष अस्पतालों में तैयार किया जाएगा।