विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में बनेगा एनएसजी का रीजनल सेंटर, गृह मंत्रालय को निश्शुल्क दी जाएगी 26 हेक्टेयर भूमि

Published: Tue, 15 Sep 2026 09:58 PM (IST)

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) का क्षेत्रीय केंद्र स्थापित किया जाएगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. अयोध्या में एनएसजी का क्षेत्रीय केंद्र स्थापित होगा।

  2. राम जन्मभूमि मंदिर की सुरक्षा को मजबूत किया जाएगा।

  3. गृह मंत्रालय को 26 हेक्टेयर भूमि नि:शुल्क मिलेगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। श्रीराम जन्म भूमि मंदिर की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अयोध्या में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) का क्षेत्रीय केंद्र स्थापित किया जाएगा।

इस संदर्भ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में मिल्कीपुर तहसील स्थित पूरे लालखां गांव के गाटा संख्या-429 में 26 हेक्टेयर बंजर भूमि केंद्रीय गृह मंत्रालय को निशुल्क हस्तांतरित किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई है। इस भूमि का बाजार मूल्य करीब 16.90 करोड़ रुपये है।

राजस्व विभाग ने जमीन के निश्शुल्क पुनर्ग्रहण एवं आवंटन की कार्रवाई गृह मंत्रालय के पक्ष में किए जाने की सहमति देने संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजा था। हस्तांतरित भूमि का इस्तेमाल केवल एनएसजी क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना के लिए किया जाएगा।

हस्तांतरित भूमि का प्रस्तावित उपयोग आगामी तीन वर्षों के भीतर नहीं होने या भविष्य में इसकी आवश्यकता समाप्त होने पर जमीन राजस्व विभाग के निवर्तन पर वापस आ जाएगी।

प्रस्ताव में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह हस्तांतरण विशेष और अपरिहार्य प्रकरण के रूप में किया गया है और इसे भविष्य के मामलों में दृष्टांत नहीं माना जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में देश-विदेश से श्रद्धालुओं, विशिष्ट व्यक्तियों और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है।

ऐसे में एनएसजी का क्षेत्रीय केंद्र आतंकी या अन्य गंभीर सुरक्षा खतरों से निपटने में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता उपलब्ध कराने के साथ अयोध्या सहित पूरे राज्य के संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती देगा।