विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या दीपोत्सव-2026 में जलेंगे 30 लाख दीये, UPSTDC ने लॉन्च किया स्पेशल टूर पैकेज

Published: Mon, 28 Sep 2026 10:40 PM (IST)

अयोध्या दीपोत्सव-2026 में 30 लाख दीये जलाए जाएंगे, साथ ही 2100 ड्रोन शो और बटुकों की सरयू आरती मुख्य आकर्षण होगी।

अयोध्या दीपोत्सव-2026 में जलेंगे 30 लाख दीये।

अयोध्या दीपोत्सव-2026 में जलेंगे 30 लाख दीये।

HighLights

  1. 30 लाख दीये, 2100 ड्रोन शो दीपोत्सव-2026 के मुख्य आकर्षण।

  2. यूपीएसटीडीसी ने दीपोत्सव के लिए विशेष 'दीपोत्सव अयोध्या' टूर पैकेज बनाया।

  3. पैकेज में होटल, भोजन, एसी वाहन शामिल, 16,999 रुपये प्रति व्यक्ति।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। दीपोत्सव-2026 में अयोध्या में इस साल 30 लाख दीये जलाने की तैयारी तैयारी चल रही है। 2100 ड्रोन का भव्य शो और 2100 बटुकों की सामूहिक सरयू आरती आकर्षण का केंद्र होगी। इस आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने विशेष ‘दीपोत्सव अयोध्या’ टूर पैकेज भी तैयार किया है।

पर्यटन विभाग के अनुसार दीपोत्सव में प्रस्तावित रूपरेखा के अनुसार सात नवंबर को दीपोत्सव के दिन ड्रोन शो के साथ नौ नवंबर को भी इसका प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा 240 से अधिक मंदिर-मठों में दीप प्रज्ज्वलन, मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो भी होंगे।

यूपीएसटीडीसी ने पर्यटकों को इस आयोजन का अनुभव कराने के लिए छह से आठ नवंबर तक दो रात-तीन दिन का पैकेज बनाया है। पैकेज की दर 16,999 रुपये प्रति व्यक्ति, इसमें जीएसटी अतिरिक्त होगा। पैकेज के पहले दिन पर्यटकों को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और दशरथ महल के दर्शन कराए जाएंगे। शाम को सरयू आरती और राम की पैड़ी का नजारा दिखाया जाएगा।

दूसरे दिन नागेश्वर नाथ मंदिर, सीता की रसोई सहित अन्य स्थलों के भ्रमण के बाद दीपोत्सव के आयोजन का अनुभव कराया जाएगा। तीसरे दिन मंदिर दर्शन और स्थानीय बाजार में खरीदारी के बाद यात्रा का समापन होगा।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि पैकेज के माध्यम से श्रद्धालुओं को अयोध्या के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराने के साथ दीपोत्सव का विशेष अनुभव मिलेगा।

इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी के नंबर 8303019844 या वेबसाइट www.upstdc.co.in से बुकिंग कर सकते हैं। पैकेज में होटल, भोजन और एसी वाहन की सुविधा शामिल है। व्यक्तिगत खर्च, स्मारक प्रवेश शुल्क और नाव की सवारी इसके दायरे में नहीं है।

यह भी पढ़ें- 'AI उत्तर दे सकता है, सवाल करना अच्छी किताब ही सिखाएगी', गोरखपुर में बोले सीएम योगी