Move to Jagran APP

अटल बिहारी अमर रहें की गूंज के साथ तीन नदियों की ओर अस्थि कलश यात्रा

भाजपा मुख्यालय में योगी आदित्यनाथ, महेंद्र नाथ पांडेय, केशव प्रसाद मौर्य और सुनील बंसल ने श्रद्धासुमन अर्पित कर मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों को अस्थि कलश सौंपे।

By Nawal MishraEdited By: Published: Fri, 24 Aug 2018 07:44 PM (IST)Updated: Sat, 25 Aug 2018 12:41 AM (IST)
अटल बिहारी अमर रहें की गूंज के साथ तीन नदियों की ओर अस्थि कलश यात्रा
अटल बिहारी अमर रहें की गूंज के साथ तीन नदियों की ओर अस्थि कलश यात्रा

लखनऊ (जेएनएन)। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां शुक्रवार को प्रदेश की तीन नदियों में विसर्जित की गई। इसके पहले सुबह भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने वाजपेयी को श्रद्धासुमन अर्पित कर मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों को अस्थि कलश सौंपे।  अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अस्थि कलश का कारवां निकला तो चौतरफा 'अटल बिहारी-अमर रहें, अमर रहें' के नारे गूंज उठे। 

loksabha election banner

प्रदेश के 16 क्षेत्रों में विसर्जन के लिए अस्थि कलश यात्रा पूर्व निर्धारित थी। किस इलाके में कौन मंत्री और पदाधिकारी अस्थि कलश लेकर जाएंगे, यह भी पहले ही सुनिश्चित कर दिया गया था। निर्धारित जिम्मेदारी के तहत सब अपनी तैयारी से भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे। मंत्रियों और पदाधिकारियों को अस्थि कलश सौंपे जाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया, विद्यासागर सोनकर, गोविंद नारायण शुक्ल ने अलग-अलग नदियों में विसर्जन के लिए वाहनों पर रखे गए अस्थि कलश को नमन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक रवाना किया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, डॉ. चंद्रमोहन, डॉ. समीर सिंह, सह मीडिया संपर्क प्रमुख नवीन श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में उपस्थित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अटल को याद करते हुए नारे लगा रहे थे 'जब तक सूरज चांद रहेगा, अटल बिहारी का नाम रहेगा।' 

सरयू, गंगा और राप्ती में अटल की अस्थियां विसर्जित 

गुरुवार को लखनऊ में अटल की अस्थियों के विसर्जन के बाद शुक्रवार को भी सिलसिला जारी रहा। विभिन्न जिलों से गुजरती हुई अटल की तीन अस्थि कलश यात्राओं का समापन गंगा, राप्ती और सरयू तट पर हुआ। अयोध्या में सरयू नदी, कानपुर के बिठूर में गंगा नदी और बलरामपुर में राप्ती नदी में अस्थियों का विसर्जन किया गया। इस दौरान सड़क पर उमड़े लोग भारत रत्न की अस्थियों के दर्शन के लिए लालायित थे। 

आज 13 शहरों की नदियों में विसर्जन 

अटल की अस्थियों का शनिवार को 13 पवित्र नदियों में विसर्जन होगा। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि अस्थि कलश लेकर मंत्री और संगठन के पदाधिकारी गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पांडेय ने सभी जिलों के अध्यक्षों को शनिवार को सार्वजनिक श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। दीक्षित के मुताबिक शनिवार को गोरखपुर में राप्ती नदी, वाराणसी में गंगा नदी, इलाहाबाद में संगम, झांसी में बेतवा, चित्रकूट में मंदाकिनी, गढ़ मुक्तेश्वर में गंगा, मुरादाबाद में राम गंगा, कासगंज में सोरो,  बरेली में राम गंगा, सहारनपुर में यमुना, आजमगढ़ में तमसा, बस्ती में कुआनो और मीरजापुर में गंगा नदी में अस्थियों का विसर्जन होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पांडेय वाराणसी में अटल की अस्थियों का विसर्जन करेंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.