Move to Jagran APP

आजम की गिरफ्तारी से ही मुजफ्फरनगर को न्याय: साध्वी प्राची

फायर ब्रांड हिंदूवादी नेता साध्वी प्राची ने मुजफ्फरनगर कांड पर एक बार फिर कैबिनेट मंत्री आजम खां पर निशाना साधा है। कहा कि आजम की गिरफ्तारी से ही मुजफ्फरनगर को न्याय मिलेगा।

By Nawal MishraEdited By: Published: Wed, 09 Mar 2016 09:09 PM (IST)Updated: Wed, 09 Mar 2016 09:15 PM (IST)
आजम की गिरफ्तारी से ही मुजफ्फरनगर को न्याय: साध्वी प्राची

लखनऊ। फायर ब्रांड हिंदूवादी नेता साध्वी प्राची ने मुजफ्फरनगर कांड पर एक बार फिर कैबिनेट मंत्री आजम खां पर निशाना साधा है। कहा कि आजम की गिरफ्तारी से ही मुजफ्फरनगर को न्याय मिलेगा। एक धार्मिक आयोजन में लखीमपुर आईं साध्वी पत्रकारों से वार्ता में कहा कि आजम खां पुलिस की गिरफ्त से गौरव और सचिन के कातिल को छुड़ाना चाहते थे। आजम को जेल नहीं भेजा गया तो वह आंदोलन करेंगी। फिल्म अभिनेता अनुपम खेर द्वारा साध्वी के बारे में की गई टिप्पणी को उन्होंने बेकार की बात बताया। बोलीं, अगर हिम्मत है तो अनुपम उन्हें जेल भेजकर दिखाएं। जेएनयू मुद्दे पर उनका कहना था कि 'बिल्कुल उम्मीद नहीं है कि वहां से कोई भगत सिंह निकलेगा। वहां तो कन्हैया जैसे राष्ट्रद्रोही ही पैदा होंगे। ऐसे विश्वविद्यालय को बंद कर देना चाहिए।'

loksabha election banner

देशद्रोह के लिए कन्हैया को फांसी हो

साध्वी प्राची ने कहा कि जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में देशद्रोहियों की फसल पनप रही है। देश को तोडऩे की साजिश रची जा रही है। अलगाववाद की फसल बोने का काम नेहरू-गांधी परिवार ने किया था, जो आज वटवृक्ष का रूप ले चुका है। इसी वृक्ष की एक शाखा है कन्हैयालाल। ऐसे देशद्रोहियों को सबक सिखाने के लिए कन्हैयालाल को फांसी की सजा देनी चाहिए। साध्वी प्राची ने शाहजहांपुर पत्रकारों से कहा कि ऐसे देशद्रोही किसी जाति-धर्म के नहीं होते हैं। जो लोग उसे महिमामंडित कर रहे हैं, वे भी उस अपराध के जिम्मेदार हैं। समाज का दायित्व है कि जो युवा भटक गए हैं, उनमें देशभक्ति का जज्बा पैदा करें। उन्होंने बजट के लिए नरेंद्र मोदी सरकार की तारीफ की।

जांच रिपोर्ट गलत

साध्वी प्राची ने कहा कि मुजफ्फरनगर कांड की जो जांच रिपोर्ट आई है, उससे तो वहां की जनता ही असंतुष्ट है। प्रशासन को फंसाकर मुख्य आरोपियों को बचाने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री आजम खान ने चार मुख्य आरोपियों को हवालात से छोडऩे के लिए फोन कर दबाव बनाया था। यदि उस समय की कॉल डिटेल निकलवाई जाए तो सब दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। अगर सरकार का इरादा जनता को न्याय देना है तो मुख्य आरोपियों को जेल में डाले। ऐसा न होने पर उत्तर प्रदेश की जनता २०१७ के चुनाव में सरकार को सबक सिखाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.