शीघ्र हो निर्भया के दोषियों को फांसी, राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट में जानकारों का संग्रह : अनुप्रिया पटेल
अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद अनुप्रिया पटेल पहुंची बहराइच दौरे पर।
बहराइच, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के बहराइच में संविधान के तहत बने नियम और कानून का हवाला देते हुए अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद अनुप्रिया पटेल ने शुक्रवार को कहा कि भले ही आज निर्भया के दोषी नए-नए हथकंडे अपनाते हुए बचने का प्रयास कर रहे हैं, जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन उन्हें अब किसी कीमत पर मोहलत नहीं देनी चाहिए। हर हालत में उन्हें फांसी हो जानी चाहिए।
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि जब तक ऐसे लोगों को हम फांसी के फंदे तक नहीं पहुंचाएंगे, तब तक जो ऐसे अपराध करने वाले लोग होते हैं उनके अंदर भय पैदा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आज देश में निचले क्लास की हर नौकरियों को आउटसोर्सिंग के हाथ में दिया जा रहा है और आउटसोर्सिंग के तहत किसी भी भर्ती में आरक्षण का नामोनिशान नहीं है। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा देश है, उसको चलाने के लिए समय-समय पर नीतियों में परिवर्तन होता है। हमारे सरकारी उपक्रमों में इस आरक्षण नीति का पालन होता रहा है, लेकिन अब प्राइवेट सेक्टर्स को दिए जाने के बाद यह व्यवस्था लागू नहीं होगी। इस पर भी सरकार को सोचना चाहिए।
राम मंदिर को लेकर बने राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट में ओबीसी वर्ग के सदस्य डाले जाने के मामले में अनुप्रिया पटेल ने कहा कि हर चीज को इस नजरिए से नहीं देखना चाहिए। एक ट्रस्ट बनाया गया है, जो इसके जानकार हैं उन्हें ट्रस्ट में रखा गया है। ये कोई विशेष बात नहीं है।