पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल चुनी गईं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष
सांसद अनुप्रिया पटेल को अपना दल (एस) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। अपना दल (सोनेलाल) का राष्ट्रीय अधिवेशन सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया गया।
लखनऊ, जेएनएन। पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा मिर्जापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल को अपना दल (एस) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। अपना दल (सोनेलाल) का राष्ट्रीय अधिवेशन सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया गया।
सम्मेलन में कार्यकारिणी की बैठक के बाद अनुप्रिया पटेल को अपना दल (एस) का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। अनुप्रिया पटेल नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में राज्य मंत्री थीं। अपना दल के संस्थानक सोनेलाल पटेल की पुत्री अनुप्रिया पटेल की पार्टी केंद्र के साथ उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के साथ गठबंधन में है। अपना दल एस की आज राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने अनुप्रिया को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। राष्ट्रीय सम्मेलन में देश भर के अपना दल (एस) के सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हुए। इस सम्मेलन में अनुप्रिया पटेल को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही पार्टी का नई राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर जिलाध्यक्षों के नामों की भी घोषणा की गई। इस अवसर पर अनुप्रिया पटेल ने सभी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों को धन्यवाद देने के साथ पार्टी को और मजबूत करने की अपील भी की।
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में अनुप्रिया को कैबिनेट मंत्री नहीं बनाया गया है। इसके साथ ही उनके पति और पार्टी के अध्यक्ष आशीष पटेल को भी योगी आदित्यनाथ सरकार में जगह नहीं मिल पाई है। लोकसभा चुनाव में अपना दल विधायक संगम लाल गुप्ता ने भाजपा के टिकट पर प्रतापगढ़ से जीत दर्ज की थी। जिसके बाद यहां की प्रतापगढ़ सदन विधानसभा सीट खाली हो गई है। इस सीट पर उम्मीदवारी को लेकर ही भाजपा और अपना दल में ठन गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुप्रिया पटेल को अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। उनको ऐसे वक्त में पार्टी की कमान मिली है जब प्रतापगढ़ सीट पर उपचुनाव को लेकर भाजपा व अपना दल के बीच ठनी हुई है। फिलहाल दोनों दल इस मुद्दे पर चुप हैं, लेकिन दोनों के बीच दांव-पेंच का खेल जारी है। अनुप्रिया पटेल किसी भी सूरत में इस सीट को नहीं छोडऩा चाहती हैं। भाजपा के साथ अपना दल (एस) भी इस सीट पर चुनावी तैयारी में जुटी हुई है।