केवल बातों में ही कोटा मिला हकीकत में नहीं : अनुप्रिया पटेल
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा, लोकतंत्र में वोट आपकी ताकत है, उसी से लड़ें और परिवर्तन लाएं।
लखनऊ(जागरण संवाददाता)। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री व अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने मंगलवार (26 जून)को सरकार की आरक्षण नीतियों पर सवाल उठाया। कहा, सदन में केवल बातों में ही कोटा मिला हकीकत में नहीं। नियमानुसार रिजर्वेशन 22.5 प्रतिशत मिलना चाहिए, लेकिन मिला है सिर्फ 7.5 फीसद।
अनुप्रिया केजीएमयू के ब्राउन हाल में छत्रपति शाहूजी महाराज के 144वें जयंती समारोह में बोल रही थीं। उन्होंने सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था में लोगों को संख्याबल के आधार पर शामिल करने की अपील की। मुख्य वक्ता व महाराष्ट्र के ख्यात साहित्यकार डॉ. सुनील कुमार लवटे ने कहा कि आज शाहूजी महाराज के विचारों को अपनाने की जरूरत है। विशिष्ट अतिथि व प्रदेश के श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि छत्रपति शाहूजी ने सामाजिक सुधार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई। इससे पहले राज्यपाल राम नाईक ने अनुप्रिया पटेल, स्वामी प्रसाद मौर्य, राज्यमंत्री जयकुमार सिंह, केजीएमयू के कुलपति प्रो. एमएलबी भट्ट, बाल शल्य चिकित्सा विभाग के अध्यक्ष प्रो. एसएन कुरील, चिकित्सा अधीक्षक प्रो.बीके ओझा, कानपुर विश्वविद्यालय के कुल सचिव विनोद सिंह, रामचंद्र पटेल आदि के साथ छत्रपति के चित्र पर पुष्प चढ़ाया और श्रद्धाजलि अर्पित की। इसके बाद डॉ. सुनील की 20 पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।
धूमधाम से मनाएंगे राजर्षि का शताब्दी वर्ष : राज्यपाल
समारोह की अध्यक्षता कर रहे राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि 1919 में छत्रपति शाहूजी को कानपुर में राजर्षि की उपाधि दी गई थी। अगला साल इसका शताब्दी वर्ष होगा। हम इसे धूमधाम से मनाएंगे। बताया कि पहले यहा 26 जुलाई को शाहूजी की जयंती मनाई जाती थी, लेकिन उनकी जयंती 26 जून को पड़ती है। इस गलती को मैंने सुधार कराया। इनको मिला सम्मान:
समारोह में राज्यपाल राम नाईक ने छत्रपति शाहूजी स्मृति मंच की ओर से नेक कार्यो के लिए केजीएमयू के चिकित्सकों व अन्य को सम्मानित किया। इनमें डॉ. हरीराम, डॉ. विनोद जैन, डॉ. विजय कुमार, डॉ. परवेज विश्वकर्मा, डॉ. सत्येंद्र सोनकर, डॉ. धर्मेद्र कुमार, डॉ. निशा सिंह, राजेश वर्मा, महीपाल सिंह व शैलेंद्र कुमार शामिल हैं।