यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लोकसभा चुनाव के बीच सपा में फिर फेरबदल, प्रयागराज के श्यामलाल पाल बने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष
Lok Sabha Election 2024 लोकसभा चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। सपा ने प्रयागराज के रहने वाले श्यामलाल पाल को सपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले नरेश उत्तम पटेल पार्टी उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नियुक्त थे। उन्हें सपा ने फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया है।
माना जा रहा है समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यह फेरबदल पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए के दांव को ध्यान में रखते हुए किया है।

— Samajwadi Party (@samajwadiparty) May 6, 2024
कौन हैं श्याम लाल पाल
श्याम लाल पाल प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के आला नगरी मोहिउद्दीनपुर गांव के रहने वाले हैं। वह जन सेवा इंटर कॉलेज मोहिउद्दीनपुर से प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत हुए थे।
श्यामलाल पाल 2007 से समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं। सबसे पहले वह पार्टी में प्रदेश सचिव, इसके बाद प्रमुख महासचिव बनाए गए थे। वर्तमान में वह प्रदेश उपाध्यक्ष थे। वर्ष 2007 में अपना दल के टिकट पर प्रतापपुर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़े थे लेकिन पराजय का सामना करना पड़ा था।
इसके बाद वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। सोमवार को उनको प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा उनके घर पर लग गया है।
