विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Independence Week: यूपी में 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह, मुख्य सचिव बोले- हर घर और कार्यालय पर तीन दिन फहराना है तिरंगा

By Prabhapunj MishraEdited By:
Published: Thu, 21 Jul 2022 01:29 PM (IST)

Independence Week उत्‍तर प्रदेश में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह धूमधाम से ...और पढ़ें

Independence Week: 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जाएगा
Independence Week: 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जाएगा

लखनऊ, राज्‍य ब्‍यूरो। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित किए जा रहे हर घर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने सभी मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंस‍िंग के माध्यम से की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशानुसार 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जाना है।

उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से 13 से 15 अगस्त, 2022 के बीच में सभी घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाना है। इसमें सरकारी और निजी प्रतिष्ठान भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियों को समय से पूरा कर लिया जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि 22 जुलाई से सभी सरकारी वेबसाइट के होमपेज पर, प्रदेश की हर वेबसाइट और प्रत्येक व्यक्ति अपने फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर और अन्य इंटरनेट मीडिया अकाउंट के होमपेज पर तिरंगा लगाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में प्रार्थना के बाद झंडा गीत विजयी विश्व तिरंगा प्यारा का गायन कराया जाए।

विद्यार्थियों के बीच नारा लेखन, चित्रकला, निबंध लेखन प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव के तहत 15 जुलाई से 18 से अधिक उम्र के पात्र व्यक्तियों को निश्शुल्क सतर्कता डोज लगाई जा रही है। यह कार्यक्रम 30 सितंबर तक चलेगा। इसके तहत माइक्रो प्लान तैयार कर शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को सतर्कता डोज लगवाई जाए।

बता दें क‍ि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जाना है। इसकी तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की थी। पहले तय था कि प्रदेश में तीन करोड़ 18 लाख तिरंगे झंडे फहराए जाएंगे, लेकिन फ‍िर इसे बढ़ाकर सीएम ने 4.50 करोड़ त‍िरंगे झंडे फहराए जाने का लक्ष्‍य तय कर द‍िया था।

उन्होंने कहा था कि 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा का विशेष अभियान चलेगा। सभी आवासों, सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों और वाणिज्यिक-औद्योगिक इकाइयों, अन्य प्रतिष्ठानों, कार्यालयों पर ध्वजारोहण हो। सभी अमृत सरोवरों पर झंडा फहराया जाए। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए एनसीसी-एनएसएस व अन्य स्वयंसेवी संगठनों द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली जाए। स्कूलों में स्लोगन व निबंध प्रतियोगिता कराएं। स्वतंत्रता सप्ताह में हर दिन स्कूली बच्चों की प्रभातफेरी निकाल कर आयोजन के बारे में लोगों को जानकारी दी जाए।

योगी ने निर्देश दिया था कि स्वतंत्रता सप्ताह में हर शहीद स्मारक पर प्रत्येक दिन कम से कम आधा घंटा पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रभक्ति गीतों का वादन हो। लोगों को झंडा आसानी से उपलब्ध कराने के लिए राशन की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जनसेवा केंद्रों, तहसील-ब्लाक मुख्यालयों, प्राथमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और पेट्रोल पंप-एलपीजी सेंटरों, विकास भवन, नगर निगम, नगर पालिका, नगरीय निकाय, विकास प्राधिकरण, सिविल डिफेंस आदि से वितरण कराया जाए।

रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी, पार्षद, बीट कांस्टेबल, शिक्षामित्र आदि भी घरों तक झंडा पहुंचा सकते हैं। बता दें कि स्वतंत्रता सप्ताह मनाने के लिए सभी जिलों को निर्देशित किया जा चुका है। इसके लिए तैयारी भी लगभग शुरू कर दी गई है। हर जिले में डीएम की अगुआई में कमिटी बनेगी, जो लक्ष्य की मॉनिटरिंग तय करेगी। अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कर्मियों, आशा बहुओं आदि को झंडा लगवाने का लक्ष्य भी दिया जाएगा।