विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BJP कार्यसमिति की बैठक में शिरकत करेंगे अमित शाह, यूपी के 2850 भाजपाइयों के साथ चुनावी रणनीति पर करेंगे मंथन

Published: Thu, 29 Oct 2026 01:49 AM (IST)

गृहमंत्री अमित शाह 30 अक्टूबर को लखनऊ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे, जहां वे 2850 कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगे।

गृहमंत्री अमित शाह।

गृहमंत्री अमित शाह।

HighLights

  1. अमित शाह 30 अक्टूबर को लखनऊ में भाजपा बैठक में।

  2. 2850 कार्यकर्ताओं संग चुनावी रणनीति पर करेंगे मंथन।

  3. यूपी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी नीति तय होगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा की चुनावी दिशा तय करने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारी पूरी कर ली गई है। डा. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय स्थित डा. भीमराव आंबेडकर प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में 30 अक्टूबर को गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि बनेंगे।

वह पार्टी की रणनीति को कारगर बनाने के लिए पदाधिकारियों को नया होमवर्क देंगे। प्रदेशभर से कुल 2850 कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। होर्डिंग एवं बैनरों से बचने के लिए कहा गया है। चौराहों पर पार्टी के झंडे सजाए जाएंगे। शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे से पंजीकरण शुरू कर दिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा राज्य है, जहां 403 विधान सभा एवं 80 लोकसभा सीटें पार्टियों का राजनीतिक भविष्य तय करती हैं। विधान सभा चुनाव को लेकर पार्टी की रीति नीति यहीं तय होगी। अमित शाह ने प्रदेश प्रभारी रहते हुए 2014 लोकसभा चुनाव में प्रबंधन का कौशल दिखाया था, वहीं 2017 विधान सभा चुनाव की भी दिल्ली से मानीटरिंग की थी।

कार्यकर्ताओं को शाह यूपी के चुनाव प्रबंधन का पाठ पढ़ाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आयोजन का विशेष जिम्मा मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला, प्रदेश महामंत्री गीता शाक्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी एवं लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी को दिया है। कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह एवं सभी सह प्रदेश प्रभारी पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।

इन्हें बुलाया गया

राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, स्थायी आमंत्रित सदस्य, सांसद, राज्यसभा सदस्य, लोकसभा प्रत्याशी 2024, विधान सभा एवं एमएलसी प्रत्याशी 2022, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय महामंत्री, क्षेत्रीय मोर्चा अध्यक्ष, क्षेत्रीय मोर्चा महामंत्री, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका एवं पंचायत अध्यक्ष, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, उत्तर प्रदेश अनुशासन समिति, प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश संयोजक, सह संयोजक, सोशल मीडिया एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी, प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट, मुख्यालय प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक, सह संयोजक, प्रदेश विभाग संयोजक, सह संयोजक, क्षेत्रीय संयोजक सोशल मीडिया, क्षेत्रीय संयोजक मीडिया विभाग, डीसीबी चेयरमैन, विधान सभा प्रभारी, विधान सभा विस्तारक शामिल होंगे।