Move to Jagran APP

अमित शाह ने दिया यूपी भाजपा को टारगेट, कहा-यूपी में 74 सीटें मिलने पर ही उत्सव मानेगा

अमित शाह यहां पर डॉ. राममनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में सहकारिता बंधु सम्मेलन में शामिल होने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ गोरखपुर रवाना हो जाएंगे।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sat, 23 Feb 2019 12:32 PM (IST)Updated: Sat, 23 Feb 2019 02:24 PM (IST)
अमित शाह ने दिया यूपी भाजपा को टारगेट, कहा-यूपी में 74 सीटें मिलने पर ही उत्सव मानेगा
अमित शाह ने दिया यूपी भाजपा को टारगेट, कहा-यूपी में 74 सीटें मिलने पर ही उत्सव मानेगा

लखनऊ, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने आज यहां सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. राममनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के आम्बेडकर सभागार में अमित शाह ने भाजपा सहकारिता बंधु सम्मेलन को संबोधित किया।

loksabha election banner

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि सहकारिता का मुख्य उद्देश्य किसानों को शोषण से बचाना है। अधिकांश जगह पर किसानों का बड़ा शोषण होता है। हमको किसानों को व्यापारियों के शोषण से बचाना भी है। उन्होंने कहा कि देश में इस सहकारिता आंदोलन को सरदार पटेल ने आगे बढ़ाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि आज भी मैं प्राइमरी एग्रिकल्चर का अध्यक्ष हूं, जब भी समय मिलता है मैं वहां जाता हूं। गुजरात की उन्नति जो दुनिया देख रही ही है उसकी नींव में सहकारिता आंदोलन ही है। यहां पर जनसम्मेलन देखकर आनंद आया, मैं आज भी को-ऑपरेटिव मित्रों के साथ बैठता हूं। उन्होंने कहा कि गरीब से गरीब किसानों को मजबूत बनाने के लिए सहकारिता आंदोलन की प्रमुख भूमिका है। 

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा गुजरात का विकास अगर दुनिया में दिख रहा है तो उसके पीछे का कारण सहकारिता ही है। सहकारिता आंदोलन की वजह से गुजरात में विकास हुआ और वहां का विकास दुनिया भर में आज दिख रहा है। आप कम से कम खर्चे से काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं की मानसिकता सहकारिता पर कब्जे वाली नहीं हो सकती है। उत्तर प्रदेश में सहकारिता पर कब्जे की मानसिकता सपा-बसपा के लोगों की है। अगर खुशहाली लानी है और लोगों की मदद करनी है तो सहकारिता आंदोलन सेवा भाव से जुड़े। हर गांव में सरकारी समितियों को मजबूत करें।

भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देश के हर क्षेत्र में विकास के आयाम स्थापित किया है आर्थिक क्षेत्र में चीन को पछाड़कर सबसे तेज आर्थिक विकास वाला देश बन गया है। मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक रूप से छठी महाशक्ति बन गया है। जल्द ही पांचवी महा शक्ति बनेगा।

अमित शाह ने कहा कि कोऑपरेटिव फेडरिज्म को बढ़ावा देने में मोदी सरकार ने बहुत उत्कृष्ट कार्य किये हैं। हमें लक्ष्य तय करने होंगे। किसान को कितना लाभ पहुंचाना है। कितना लाभ संस्था को मिलना है। किसानों की आय दोगुना करने का लक्ष्य केवल भारतीय जनता पार्टी का प्रधानमंत्री ही दे सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2022 तक देश के किसानों की आय दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।

राहुल बाबा केवल मखौल उड़ाते हैं। वह किसानों का कर्ज माफ करने की बात करते हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार ने किसानों को कर्ज माफ किया लेकिन आपने कर्नाटक में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था पर पूरा नही किया। यूपीए सरकार ने दस में 53000 करोड़ का कर्ज माफ किया था लेकिन मोदी जी किसानों की, उससे अगले पांच साल में करीब सात लाख 50 हजार करोड़ की मदद दी।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इससे पहले सोनिया-मनमोहन की सरकार देश के अर्थतंत्र को 9वें नंबर पर छोड़कर गयी थी। हमारी सरकार इन पांच वर्षों में ही देश की अर्थव्यवस्था को छठे नंबर पर लेकर आई है और आज भारत चीन को पीछे छोड़कर विश्व में सबसे तेजी से बढऩे वाली अर्थव्यवस्था बन गया है। देश में सोनिया-मनमोहन की सरकार के समय सहकारिता के माध्यम से किसानों को मात्र 23 हजार 635 करोड़ रुपये दिए थे।

मोदी सरकार ने सहकारिता के माध्यम से 73 हजार 51 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की। अब देश में परिवर्तन इसलिए आ रहा है क्योंकि भाजपा की सरकार है और उसका नेतृत्व नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। देश में सहकारिता समितियों से किसानों को ज्यादा लाभ दिलाने का काम नरेंद्र मोदी की सरकार कर रही है।

अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार किसानों को आय दोगुना करने वाला प्रधानमंत्री देश को मिला। हमारे प्रधानमंत्री ने 2022 तक इसका लक्ष्य रखा है। नरेंद्र मोदी की सरकार सहकारिता समितियों के माध्यम से किसानों को ज्यादा दाम दिलाने का काम कर रही है। अब हर किसान के घर में गाय और भैंस देनी है।

उनके दूध से किसान की जीविका और उसके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का प्रबंध करना है। इसके साथ ही गुजरात और महाराष्ट्र की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में कोऑपरेटिव इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है। अमित शाह ने कहा कि सपा-बसपा सरकार में उत्तर प्रदेश का प्रशासनिक ढांचा जो चरमरा गया था, आज योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यहां का प्रशासनिक और राजनीतिक ढांचा तेजी से मजबूत हो रहा है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सहकारिता समितियां बड़ा काम कर सकती है क्योंकि यहां के लोगों की मुख्य आजीविका कृषि है। हम प्रधानमंत्री मोदी जी के आभारी हैं। यहां पर अब किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य मिल रहा है। यहां पर पहले सरकार सीधे किसानों से किसी भी प्रकार की खरीददारी नहीं करती थी लेकिन अब सरकार किसानों से उसका उत्पाद सीधे खरीद रही है।

यहां पर पिछली सरकारों के एजेंडे में विकास, सुशासन, किसानों का हित नहीं था अगर ऐसा होता तो किसानों का आज यह हाल नहीं होता। पिछले एक वर्ष के दौरान यूपी के किसानों के जीवन में जो कुछ भी बदलने में सक्षम रहे हैं उसमें अमित शाह जी की बड़ी भूमिका रही है। देश में गुजरात जैसे राज्य में सहकारिता आंदोलन लोगों के लिए एक व्यापक बदलाव का कारण बना है। मोदी जी ने हम सब को 2022 तक न्यू इंडिया बनाने के मंत्र दिए हैं। उसी उद्देश्य से आज हम सब यहां एकत्र हुए हैं।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पाण्डेय ने भी सहकारिता बंधुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का है।

ऐसे में सहकारिता की इसमें बड़ी भूमिका है। किसान को अब हर मौसम में काम करने का मौका मिलेगा। उसको श्वेत क्रांति की ओर जाने के लिए प्रेरित करने के साथ ही मत्स्य पालन में भी लगाया जाएगा।

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन ने स्वागत किया। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.