उत्तर प्रदेश में भी Cyclone Arnab को लेकर अलर्ट, सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फील्ड में किया सक्रिय
Cyclone Arnab: उत्तर प्रदेश में भी चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर समीक्षा बैठक में तैयारियों का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों की समीक्षा की
HighLights
प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं की आशंका
तैयारियों की समीक्षा और अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने का निर्देश
डिजिटल डेस्क, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में भी चक्रवात ‘अर्णब’ को लेकर अलर्ट घोषित किया गया है। प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर तक भारी बारिश, तेज हवा और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इसको देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी गंभीर हैं। मुख्यमंत्री ने बुधवार को तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने का निर्देश दिया है।
उत्तर प्रदेश में भी चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर समीक्षा बैठक में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी जिलों में अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही खराब मौसम में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा है।
मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि कहीं पर भी और कोई भी जरूरत पड़ने पर अधिकारी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं। बारिश और तेज हवाओं के पूर्वानुमान को लेकर प्रशासन सतर्क रहे। प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं की आशंका है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक के बाद राहत आयुक्त कार्यालय ने सतर्कता संबंधी एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत प्रभावित क्षेत्रों में राहत-बचाव की तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें।
राहत आयुक्त कार्यालय ने इसके साथ ही आंधी-तूफान के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। किसानों की फसल और पशुधन की सुरक्षा के लिए सतर्कता बरतने से साथ ही सभी जिला प्रशासन को खराब मौसम में जनहानि रोकने के लिए प्रशासन को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
