'रिमोट सेंसिंग तकनीक से कराएंगे फेक एनकाउंटर की जांच', अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बोला हमला
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर फेक इनकाउंटरों और ...और पढ़ें

रिमोट सेंसिंग तकनीक से कराएंगे फेक इनकाउंटरों की जांच: अखिलेश यादव।
HighLights
सरकार बनने पर फेक इनकाउंटरों की रिमोट सेंसिंग तकनीक से जांच कराएंगे।
मिशन-2027 के लिए हर विधानसभा में 27 हजार वोट बढ़ाए जाएंगे।
भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और आरक्षण के हनन का आरोप लगाया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा को घेरने में जुटे पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनी तो रिमोट सेंसिंग तकनीक से जांच कराएंगे कि गाड़ी कैसे पलटी। रास्ते में आने के बीच कहां-कहां क्या बदला। फेक एनकाउंटरों की भी जांच कराकर आवश्यक कारवाई की जाएगी।
इसके लिए जितना भी धन लगेगा, सरकार व्यवस्था करेगी। यह भी साफ किया कि एप्लीकेशनों और आधुनिक तकनीकों का सबसे ज्यादा प्रयोग खेतीबाड़ी, इलाज और पढ़ाई में किया जाएगा।
अखिलेश ने रविवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि मिशन-2027 को देखते हुए हर विधान सभा में 27 हजार वोट बढ़ाए जाएंगे या यूं कहें कि भाजपा के इतने ही वोट कम किए जाएंगे।
आरोप लगाया कि प्रदेश में 72 जिलों में 151 से ज्यादा स्थानों पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़ी गईं, जिसमें बलिया में सर्वाधिक घटनाएं हुईं। लेकिन सिर्फ 14 मामलों में गिरफ्तारियां की गईं।
अखिलेश ने कहा कि कि भाजपा सरकार में एक्सप्रेसवे के नाम पर जेबें भरी गईं। सड़कों में गड्ढे बन गए, जहां दुर्घटनाएं हुईं। इथेनाल के बहाने मिलावटखोरी की गई। नौकरी आई तो आरक्षण का हक मारा गया। पेपरलीक में यूपी सबसे आगे रहा।
अखिलेश ने कहा कि सरकार के तमाम दावों के बावजूद प्रदेश में निवेश नहीं आया। क्षेत्र खाली पड़े हुए हैं। किसानों को सर्किल रेट बढ़ाकर नहीं दिया गया। अयोध्या में पहले बड़ा जमीन घोटाला और बाद में चंदा चोरी प्रकरण हुआ। अयोध्या से वाराणसी के बीच सड़क निर्माण में भारी घोटाला किया गया। पीडीए के रथ के रंग पर चर्चा की जा रही है।
तंज कसा कि अपनी सरकार में इलाज और न्याय के लिए मंत्रियों को धरने पर बैठना पड़ रहा है। एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि सरकार आने पर गोंडा प्रकरण में दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। दावा किया कि पीडीए समाज के अधिकारियों को चुनाव तक महत्वहीन कर दिया जाएगा।
इंटरनेट मीडिया पर ओमप्रकाश राजभर राजभर की पोस्ट हाल में कम आने को लेकर पूछे प्रश्न के जवाब में अखिलेश ने कहा कि पासवर्ड छिन जाने से बार्गेनिंग हो रही होगी। एक प्रश्न के जवाब में कहा कि जिन बैंकों से व्यवस्था कर यह सरकार महिलाओं को एक लाख रुपये देगी, उसी बैंक से लेकर हम दो लाख रुपये देंगे।
राहुल गांधी के एक कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां पर टिप्पणी पर अखिलेश ने कहा कि यह भी देखें कि ‘एकरंगी वाले एक मां को कह रहे थे कि भाषण मत दो’। डीयू छात्रसंघ में सपा की ओर से खड़े छात्र की हार पर कहा कि वहां धांधली न होती तो हमारा उम्मीदवार ही जीतता।
