भाजपा सरकार के दो साल राज्य की जनता के लिए अभिशाप साबित हुए : अखिलेश
प्रदेश में दो साल पूरे कर चुकी भाजपा सरकार पर हमला करते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि ये दो साल राज्य की जनता के लिए अभिशाप साबित हुए हैं।
लखनऊ, जेएनएन। प्रदेश में दो साल पूरे कर चुकी भाजपा सरकार पर हमला करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह दो साल राज्य की जनता के लिए अभिशाप साबित हुए हैं। चारों तरफ घोर निराशा और हताशा होने का हवाला देते हुए अखिलेश ने कहा कि हर मोर्चे पर राज्य सरकार की नाकामी ही भाजपा की उपलब्धि मानी जा सकती है।
सपा अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर एक भी वादा पूरा न करने और नोटबंदी व जीएसटी से अर्थव्यवस्था को चौपट करने का आरोप लगाया तो साथ ही प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी दो साल में अपनी कोई योजना लागू न कर पाने का तंज कसा। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। लोग डरे हुए हैैं और सरकारी सेवाएं भी अस्त-व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में अपराध नियंत्रण के लिए शुरू हुईं यूपी डायल 100 और वीमेन पॉवरलाइन 1090 जैसी योजनाओं को भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया।
भाजपा सरकार पर किसानों के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि कर्ज में डूबे किसान आत्महत्या कर रहे हैं। नौजवान बेरोजगारी के शिकार हैं। उद्योगपति पलायन कर रहे हैं। प्रदेश में पूंजी निवेश नहीं हो रहा है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा अपने कारनामों से, वादाखिलाफी और फरेबी चालों से जनता के बीच अपनी लोकप्रियता पूरी तरह खो चुकी है। उसके दिन गिने चुने रह गए हैं।
सरकार के दो साल संकट के सौ साल लग रहे
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को ट्विटर के जरिये भी सरकार के दो साल और चौकीदार पर कई सवाल पूछे। उन्होंने ट्वीट किया- 'विकास' पूछ रहा है...उत्तर प्रदेश के ठोकीदार से त्रस्त जनता के लिए राहत का कोई उपाय है क्या? प्रदेश की जनता को भाजपा सरकार के दो साल संकट के सौ साल लग रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने लिखा है-विकास' पूछ रहा है...जनता के बैंक खाते से चोरी-छिपे जो पैसे काटे जा रहे हैं, उससे बचाने के लिए कोई चौकीदार है क्या? एक और ट्वीट किया-'विकास' पूछ रहा है...मंत्रालय जहाज की फाइल चोरी होने के लिए जिम्मेदार लापरवाह चौकीदार को सजा मिली क्या?
खाद की बोरी से चोरी रोकने का कौन चौकीदार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को चौकीदार पर सवाल पूछा तो किसानों की भी समस्या उठाई। उन्होंने ट्वीट किया- 'विकास' पूछ रहा है, खाद की बोरी से चोरी रोकने के लिए भी कोई चौकीदार है क्या..? इसी तरह आगरा के एक किसान द्वारा सम्मान निधि की दो हजार रुपये की रकम सरकार को वापस करके आत्महत्या की अनुमति मांगने पर अखिलेश ने कहा- एक तरफ ढाई लोग और उनके मंत्री नाम बदलने में व्यस्त थे तो दूसरी तरफ एक किसान सरकार से आत्महत्या की आज्ञा लेने को मजबूर हो गया। दिन भर खेतों में मेहनत और चौकीदारी करके किसान अन्नदाता पेट नहीं भर पा रहा है। कितनी शर्म की बात है कि किसान देश का पेट भरे और खुद भूखा मरे।