अखिलश यादव बोले- रंग से नहीं, राम से डरे भाजपा; चढ़ावा चोरी पर बीजेपी पर कसा तंज
समाजवादी पार्टी ने छात्रसभा की यूनिफॉर्म बदलकर नीली कर दी है, जिसे अखिलेश यादव ने संविधान और बहुजन समाज का ...और पढ़ें

सपा प्रमुख अखिलेश यादव।
HighLights
सपा छात्रसभा ने नीली यूनिफॉर्म अपनाई, 2027 चुनाव पर नजर।
अखिलेश यादव ने नीले रंग को संविधान, आजादी का प्रतीक बताया।
भाजपा पर चढ़ावा चोरी का आरोप, राम से डरने की नसीहत।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने अपने फ्रंटल संगठन छात्रसभा की यूनिफॉर्म बदल दी है। अब कार्यकर्ता नीले रंग की टीशर्ट और पैंट पहनेंगे। टी शर्ट पर छात्रसभा का लोगो छपा है।
माना जा रहा है कि वर्ष 2027 के विधान सभा चुनाव के लिए अपने पीडीए फॉर्मूले में दलितों के समीकरण को मजबूत करने के लिए यह बदलाव किया है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि नीला रंग संविधान, आजादी, लोकतंत्र का है। ये बहुजन समाज, बाबा साहब के साथ रहा है, ये विचारधारा का रंग है। नई पीढ़ी की नई सोच है, इसलिए नया रंग चुना है।
पार्टी के बाकी संगठनों की यूनिफॉर्म पहले जैसी ही रहेगी। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के सपा को बहरुपिया बताने की लेकर पलटवार करते हुए कहा कि चढ़ावा चोरी, चंदा चोरी करने वाले सबसे बड़ा बहुरुपिया है। उनको रंग से नहीं, राम से डरना चाहिए।
मंगलवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख ने कहा कि छात्रसभा दो सप्ताह के छात्र संपर्क अभियान चलाएगी, विश्विद्यालयों और कालेजों, स्कूलों में जाकर जेन जी, जेन अल्फा सहित छात्रों को पार्टी से जोड़ेगी। उनके सुझाव, मुद्दे, समस्याओं को घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।
छात्रसंघ चुनावों के सवाल पर कहा कि सरकार बनने के बाद एक कमेटी बनाकर कैम्ब्रिज, आक्सफोर्ड और यूरोपियन यूनियन के विश्वविद्यालयों में टाईअप कर भेंजेगे, भविष्य में छात्रसंघ का क्या रूप हो, उस दिशा में काम करेंगे। सपा का पीडीए पाजिटिव, डेमोक्रेटिक और अफरमेटिव एक्शन के लिए जाना जाता है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग रंगों से डरा करते हैं, परंतु भगवान से नहीं डरते हैं। भाजपा के लोगों ने प्रभुराम के मंदिर से चंदा चोरी की अब राम वन गमन पथ में भी लूट कर ली। भाजपा नकारात्मक प्रचार करवा रही है। निगेटिव प्रचार की शुरुआत भाजपा ने की है, ऑफिसियली मेरी निगेटिव फोटो डाली है।
हम भाजपा से कह रहे हैं कि बुनियादी मुद्दों पर चुनाव लड़े, नकारात्मक कैम्पेन न चलाए। वो चलाएंगे तो हम भी चलाएंगे, उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बना एक वीडियो गीत भी स्क्रीन पर चलवाकर दिखाया। एक सवाल के उत्तर में कहा कि समाजवादी सरकार एआइ को बढ़ाने और आधारभूत ढ़ांचा तैयार करने के लिए अलग से बजट देगी।
नाराज फूफा वाले सवाल पर कहा कि ये बात मेरी समझ में नहीं आई है। भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। कई अर्थशास्त्री कह रहे है कि पिछले कुछ महीनों में जीडीपी जीरो है।
उन्होंने सुलतानपुर में जन्माष्टमी कार्यक्रम रोकने को लेकर कहा कि वर्चस्वादियों ने जिस तरह पूजा-अर्चना का खंडन किया है, इसकी उच्च स्तरीय जांच हो। सम्राट अशोक की जयंती पर छुट्टी की घोषणा को लेकर समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की टिप्पणी पर कहा कि वे इस बार चुनाव हारेंगे।
