'उनकी बातों में नहीं उलझेंगे, नीट पर पूछेंगे सवाल', CM योगी के नमाज वाले बयान पर बोले अखिलेश यादव
मुख्यमंत्री योगी के सड़क पर नमाज संबंधी बयान को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुद्दों से ध्यान भटकाने वाला बताया। ...और पढ़ें

HighLights
योगी के नमाज बयान को अखिलेश ने बताया भटकाव।
नीट परीक्षा लीक पर प्रधानमंत्री से मांगा इस्तीफा।
अखिलेश ने भाजपा को 'सबसे अधर्मी पार्टी' कहा।
राज्य ब्यूराे, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सड़कों पर नमाज संबंधी बयान को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुद्दों से ध्यान भटकाने वाला बताया है। सपा प्रमुख ने कहा कि सड़कों पर नमाज कौन पढ़ रहा है? अगर जगह कम है और कोई पढ़ भी ले तो क्या फर्क पड़ता है? सड़कों पर क्या करना चाहिए, उसके लिए नियम बने हुए है, लेकिन इसकी पोलिटिकल स्कोरिंग नहीं करनी चाहिए। वे इसलिए ऐसे बयान दे रहे हैं कि मुद्दों पर बात न हो, परंतु हम उनकी बातों में नहीं उलझेंगे और नीट पर सवाल पूछेंगे।
एक मीडिया हाउस के कार्यक्रम में सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सबसे अधर्मी पार्टी है। हम सबको अपनाते हैं, सबको साथ लेकर चलते हैं, यही सनातन है। नीट परीक्षा को लीक परीक्षा लिख देना चाहिए। इस मामले में प्रधानमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने नीट पेपर लीक कर जवाब क्यों नहीं दिया?
भाजपा बहस को दूसरी तरफ मोड़ने के लिए अन्य मुद्दों में उलझाना चाहती है। विपक्ष के चेहरे के सवाल पर कहा कि मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार आदि सब भाजपा के खिलाफ विपक्ष का चेहरा है। गठबंधन के सवाल पर कहा कि गठबंधन मजबूत है। चुनाव में बात सीटों की नहीं जीत की होगी।
सपा प्रमुख ने कहा कि जहां भाजपा खत्म होती है, वहीं से पीडीए शुरू होता है। उनके लिए पी का मतलब पार्टी है, हमारे लिए पी का मतलब पीड़ित है। सपा के पीडीए का मतलब प्रेम, दया अपनापन भी है। पीडीए ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया है। विधानसभा चुनाव में पीडीए फिर भाजपा को हराएगा।
