मुन्ना बजरंगी की हत्या पर अखिलेश ने कहा-अराजकता का ऐसा दौर पहले कभी नहीं देखा
जेल में मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद सियासत शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज ट्वीट करके योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा है।
लखनऊ (जेएनएन)। इंग्लैंड में परिवार के साथ छुट्टी मनाने के बाद भारत लौटे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुन्ना बजरंगी की जेल में हत्या के बाद प्रदेश सरकार पर तंज कसा है। एक ट्वीट में अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में न तो कानून बचा है न व्यवस्था।
बागपत जेल में माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद प्रदेश में अब सियासत भी शुरू हो गई है। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री तथा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज ट्वीट करके योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश ने ट्वीट में लिखा, आज यूपी में न तो कानून बचा है न व्यवस्था। हर तरफ दहशत का वातावरण है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि, वो जेल तक में हत्याएं कर रहे हैं।
आज यूपी में न तो क़ानून बचा है न व्यवस्था. हर तरफ़ दहशत का वातावरण है. अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वो जेल तक में हत्याएं कर रहे हैं. ये सरकार की विफलता है. प्रदेश की जनता इस भय के माहौल में बहुत डरी-सहमी है. प्रदेश ने ऐसा कुशासन व अराजकता का दौर पहले कभी नहीं देखा. — Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) July 10, 2018
यह तो प्रदेश सरकार की घोर असफलता है। जेल में भी अब कोई सुरक्षित नहीं है। जहां पर सख्त पहरा रहता है। इतने पहरे में पिस्टल किसी अपराधी के पास कैसे पहुंची, यह बड़ी जांच का विषय है। प्रदेश सरकार हर मोर्चा पर विफल है। कानून-व्यवस्था की स्थिति तो बद से बदतर बनी है।
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश की जनता इस भय के माहौल में बहुत डरी-सहमी है। प्रदेश ने ऐसा कुशासन व अराजकता का दौर पहले कभी नहीं देखा। गौरतलब है कि कल पेशी के लिए आए मुन्ना बजरंगी की बागपत जेल में गोली मरकर हत्या कर दी गई।