उप चुनाव के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ करने लगे विकास की बात : अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के गोरखपुर तथा फूलपुर उपचुनाव से फायदा हुआ है कि अब उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास की बात करने लगे है।
लखनऊ (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज समाजवादी पार्टी कार्यालय में करीब एक दर्जन लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाने के बाद मीडिया को संबोधित किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के गोरखपुर तथा फूलपुर उपचुनाव से फायदा हुआ है कि अब उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास की बात करने लगे है। इससे पहले तो उनकी सोच अलग दिशा में जा रही थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार लाखों लोगों को रोजगार देने की बात भले ही कर रही है लेकिन बीटीसी छात्रों को नियुक्ति इसलिए दे रही है क्योंकि उनका चयन हमारी सरकार के कार्यकाल में हो गया था। इनके ऊपर किस बर्बरता से लाठीचार्ज किया गया, बेहद शर्मनाक है। हमारे ऊपर आरोप लग रहे थे कि हम नौकरी नहीं दे रहे, यह सरकार तो अब रिजल्ट घोषित करने के लिए तैयार नहीं है।
उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के साथ सरकार की यह राजनीति ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ बात न करे बल्कि लोगों को रोजगार दे। उन्होंने कहा कि बच्चो के भविष्य को जांच के नाम पर अंधकार में क्यों रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर 11 मार्च को जनता ने इनको बेहतरीन तोहफा दिया। जनता ने 11 मार्च को ही भाजपा को गोरखपुर तथा फूलपुर के रूप में तोहफा दे दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के साथ ही केंद्र सरकार भी एक भी वादे पर खरी नही उतरी है। अब तो भाजपा के सभी नेताओं की पॉपुलैरिटी लगातार कम हो रही है।
लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर आज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बसपा के पूर्व विधायक इरशाद खान, पूर्व एमएलसी प्रदीप सिंह को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इनके साथ यूपी के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या के दामाद नवल किशोर के साथ बिग बॉस शो के विजेता रह चुके आशुतोष कौशिक भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये अन्य लोगों ने भी आज समाजवादी पार्टी को ज्वाइन किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि बीटीसी के बच्चे कल मुझसे मिले थे। इन लोगों ने बताया कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने नियुक्ति पत्र नहीं दिए हैं। कल लखनऊ में बीटीसी अभ्यर्थियों लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने कहा कि कम से कम सरकार अपने लोगों को ही नौकरी दे दे। हाईकोर्ट में पुलिस भर्ती पूरा का पूरा रिजल्ट बना रखा है। आप लोग टीईटी वालों को भी नौकरी दो, हम पर आरोप था कि नौकरी नहीं दे रहे तो आप ही दे दो।
बसपा व सपा साथ लड़ेंगी
समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम ने कहा है कि समाजवादी पार्टी अब बसपा के साथ मिलकर 2019 में सीटों के सम्मानजनक सीटों के बंटवारे के साथ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगर हम फिर बिछड़ जाएंगे तो हार जाएंगे। एक दुश्मन ने हमें दोस्त बना दिया।
अब दोस्ती लंबी चलेगी। आजम ने बताया कि अखिलेश और मायावती के बीच बातचीत काफी अच्छी रही थी। अखिलेश अपने पिता की तरह हैं और वह साथ मिलकर बेहतर काम करते हैं। 2019 के चुनावों में आजम ने कहा कि दोनों पार्टियां इस पर बात करेंगी। कुछ हमारे पास रहे और कुछ उनके पास रहे, यही बेहतर होगा। आजम खां ने कहा कि लोग कहते है कैसे सपा व बसपा एक हो सकते हैं। यह वो कह रहे हैं जिन्हें ये जोड़ अच्छा नहीं लगा, बुनियादी तौर पर यह बात गलत है कि दोनों की विचारधारा अलग है।