BUDGET 2023: अखिलेश यादव बोले- BJP अपने बजट का दशक पूरा कर रही है, जब जनता को पहले कुछ न दिया तो अब क्या देगी
BUDGET 2023 समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आम बजट की घोषणा के दौरान भाजपा सरकार पर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि भाजपा जनता को अब तक कुछ नहीं दे पाई तो अब क्या देगी।
लखनऊ, जेएनएन। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने आज देश का आम बजट (Aam Budget 2023) पेश किया। आम आदमी को राहत देते हुए वित्त मंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा 7 लाख की आय तक अब कोई टैक्स नहीं लगेगा। आम बजट की घोषणाओं के बीच यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला।
आम बजट की घोषणा के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बोला हमला
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा अपने बजट का दशक पूरा कर रही है पर जब जनता को पहले कुछ न दिया तो अब क्या देगी। भाजपाई बजट महंगाई व बेरोज़गारी को और बढ़ाता है। किसान, मजदूर, युवा, महिला, नौकरीपेशा, व्यापारी वर्ग में इससे आशा नहीं निराशा बढ़ती है क्योंकि ये चंद बड़े लोगों को ही लाभ पहुंचाने के लिए बनता है।
आम बजट में किसे क्या मिला
बजट में वित्त मंत्री सीतारमण ने नया टैक्स स्लैब की घोषणा की है।
0- 3 लाख - कोई टैक्स नहीं
3-6 लाख - 5 फीसद टैक्स
6-9 लाख - 10 फीसद टैक्स
9-12 लाख - 15 फीसद टैक्स
12-15 लाख - 20 फीसद टैक्स
15 लाख से ज्यादा की इनकम पर 30 फीसद टैक्स
बजट में नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत दी गई है। 7 लाख की आय तक कोई टैक्स नहीं। आयकर छूट का दायरा बढ़ाया गया।
बजट में जानें क्या सस्ता और क्या महंगा हुआ
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में घोषणा करते हुए कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन, खिलौने, साइकिल और ऑटोमोबाइल सस्ते होंगे। इसी के साथ देसी मोबाइल सस्ते होंगे। वहीं, चिमनी , कुछ मोबाइल फोन और कैमरे के लैंस, सिगरेट सोना, चांदी, प्लेटिनम महंगा होगा।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी खुला पिटारा
सीतारमण ने घोषणा की कि वरिष्ठ नागरिक खाता स्कीम की सीमा अब 4.5 लाख से बढ़कर 9 लाख की जाएगी।