अखिलेश यादव के मंत्री का दावा, सपा-कांग्रेस के गठबंधन का लाभ भाजपा को
रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी के गठबंधन से हर जगह पर कांग्रेस ही लाभ में रहेगी। समाजवादी पार्टी तो इससे कोई लाभ नहीं होने वाला है।
By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Thu, 09 Mar 2017 05:52 PM (IST)Updated: Thu, 09 Mar 2017 06:08 PM (IST)
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में सत्रहवीं विधानसभा के गठन के लिए आज अंतिम सीट पर मतदान समाप्त होने के बाद अखिलेश यादव सरकार के मंत्री ने गठबंधन पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। परिवार कल्याण मंत्री तथा गरम तेवर के माने जाने वाले रविदास मेहरोत्रा ने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस का गठबंधन भारतीय जनता पार्टी को लाभ पहुंचाएगा।
रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी के गठबंधन से हर जगह पर कांग्रेस ही लाभ में रहेगी। समाजवादी पार्टी तो इससे कोई लाभ नहीं होने वाला है।
कांग्रेस के साथ मैदान में उतरने के कारण लोग समाजवादी पार्टी के खिलाफ हो गए। इसका सीधा लाभ तो भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा। कांग्रेस भी काफी लाभ में रहेगी। सबसे बड़ा नुकसान समाजवादी पार्टी को मिलेगा।
रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अकेले ही मैदान में उतरती तो पूर्ण बहुमत तय था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को कांग्रेस का साथ मिलने से एक प्रतिशत का भी लाभ नहीं मिलेगा जबकि कांग्रेस सत्तर प्रतिशत से अधिक लाभ में है।
गठबंधन के बाद भी कांग्रेस के प्रत्याशी अधिकांश जगह पर चुनाव लड़े और समाजवादी पार्टी को मिलने वाले वोट में सेंध लगा दी। इसका सीधा लाभ भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है। समाजवादी पार्टी प्रदेश में तमाम काम करने के बाद भी बड़े नुकसान में लग रही है। रविदास ने कहा कि यह नुकसान इतना बड़ा है कि पार्टी को इससे उबरने में लंबा वक्त लगेगा।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें