अखिलेश यादव ने लैपटॉप बांटकर योगी सरकार पर बढ़ाया दबाव
भाजपा के संकल्प पत्र में भी लैपटॉप के साथ एक जीबी डाटा दिए जाने का वादा था लेकिन, प्रदेश सरकार अभी इसे पूरा नहीं कर सकी है।
लखनऊ (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को लैपटॉप बांटने की शुरुआत कर भाजपा सरकार के आगे एक बड़ी लकीर खींच दी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी घोषणा पर समय रहते अमल करके दोहरा निशाना साधा है। उन्होंने युवाओं को तो रिझाया ही, भाजपा सरकार पर लैपटॉप बांटने का दबाव भी बढ़ा दिया है। भाजपा चुनाव से पहले अपने इस वादे को अब तक पूरा नहीं कर सकी है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश ने अपनी पत्नी सांसद डिंपल यादव के साथ जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट से लैपटॉप वितरण की शुरुआत की है। इस सिलसिले को प्रदेश के अन्य जिलों में बढ़ाया जाएगा। सभी 75 जिलों में कैंप लगाकर समाजवादी पार्टी लैपटॉप का वितरण करेगी। हर जिले में यूपी बोर्ड के 11 मेधावी छात्रों को लैपटॉप दिये जाएंगे। अन्य बोर्ड के मेधावियों का भी सपा हौसला बढ़ाएगी। इस तरह लगभग दो हजार लैपटॉप बांटे जाएंगे।
तीन जिलों में सीतापुर, बाराबंकी और कानपुर में लैपटॉप अखिलेश खुद बांटेंगे। अन्य जिलों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को यह जिम्मेदारी दी गई है। दो दिन पहले राजधानी में इंटरमीडिएट और हाईस्कूल के टापर्स छात्र-छात्राओं कीर्ति सिंह, अरिशा पाठक, सोनम यादव, बलबीर यादव, सौम्या सिंह, अलमास एवं अदिति को लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया।
सपा ने अपने शासनकाल में भी युवाओं के बीच 18 लाख लैपटॉप बांटे थे। सत्ता में न रहने के बावजूद युवाओं में पैठ बनाने के नजरिए से उसने इस सिलसिले को बनाए रखा है। हालांकि भाजपा के संकल्प पत्र में भी लैपटॉप के साथ एक जीबी डाटा दिए जाने का वादा था लेकिन, प्रदेश सरकार अभी इसे पूरा नहीं कर सकी है। इससे सपा को लैपटॉप वितरण के सहारे प्रदेश सरकार पर हमलावर होने का मौका भी मिल गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट भी किया-'हम तो यूपी के टॉपर्स को लैपटॉप बांटने का अपना वादा पूरा कर रहे हैं, लेकिन रोज नए-नए झूठे वादे करने वाली ये सरकार किसानों, नौजवानों और आम जनता से वादे करके भूल गयी है।