न्याय की मांगः अखिलेश ने दिया मेरठ की पीडि़ता को हर संभव मदद का भरोसा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार संवेदनहीन है। उन्होंने पीडि़त किशोरी की हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया है।
लखनऊ (जेएनएन)। मेरठ के सरधना में छेड़छाड़ के विरोध पर किशोरी को जलाए जाने के मामले में अखिल भारतीय क्षत्रिय युवा महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भेंट कर किशोरी को न्याय दिलाए जाने की मांग की। महासभा के अध्यक्ष अभिषेक सोम के साथ कुंवर धीरज सिंह, दीपक तोमर, राकेश सोम व जयकांत सिंह ने अखिलेश यादव को पूरी घटना की जानकारी दी। बताया कि हाईस्कूल की छात्रा को किसी प्रकार कुछ युवक तंग करते थे और 17 अगस्त को किशोरी को उसके घर में घुसकर जला दिया गया। घटना में किशोरी का 70 फीसद शरीर जल गया है। आरोप है कि किशोरी के बयानों के बावजूद पुलिस-प्रशासन कार्रवाई में ढिलाई बरत रहा है। अखिलेश यादव ने पीडि़त किशोरी की हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार महिला उत्पीडऩ के मुद्दे पर पूरी तरह से संवेदनहीन बर्ताव कर रही है।
अखिलेश का जताया आभार
कृषि मंडी परिषद कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से पार्टी कार्यालय में भेंट कर आभार जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि अखिलेश सरकार में मंडी परिषद के अंतर्गत किसानों के लाभ की योजनाएं लागू करने तथा मंडी परिषद के 25 हजार कर्मचारियों को नियमित करने वाला शासनादेश लागू हुआ था। कर्मचारी नेताओं ने अखिलेश को अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
तस्वीरें बोलती हैं : अखिलेश
तस्वीरें खुद बोलती हैं। शब्दों से ज्यादा उनका प्रभाव होता है। यह बात सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को अलीगंज स्थित कलाश्रोत आर्ट गैलरी में आयोजित टाइपा फोटो प्रदर्शनी के समापन समारोह में कही। अखिलेश ने कहा कि एक फोटो जर्नलिस्ट जोखिम उठाकर भी वास्तविकता को उजागर करता है। द यूथ फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सांसद डिंपल यादव, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी व अन्य सपा नेता मौजूद थे।