एडीजी एलओ ने कहा, कासगंज में हिंसा फैलाने वालों पर रासुका के तहत कार्रवाई
आनंद कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के अलावा हमारा प्रयास है कि समुदायों में परस्पर भाईचारा कायम रहे। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है।
लखनऊ (जेएनएन)। कासगंज में गणतंत्र दिवस पर तीसरे दिन भी जारी हिंसा को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार बेहद गंभीर है। डीजीपी ओपी सिंह के साथ ही एडीजी एलओ आनंद कुमार बेहद सक्रिय हैं। एडीजी ने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत कार्रवाई की जाएगी।
एडीजी ने कहा कि शहर के उपद्रवियों पर ड्रोन कैमरों की मदद से नजर रखी जा रही हैं। हिंसा फैलाने वाले उपद्रवियों पर अब तो रासुका के तहत कार्रवाई होगी। अब तक हिंसा के मामले में यूपी के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) आनन्द कुमार ने कहा कि उपद्रवियों को चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस इन सभी उपद्रवियों पर रासुका के तहत कड़ी कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि ड्रोन कैमरों की मदद से उपद्रवियों पर नजर रखी जा रही हैं। पुलिस ने अभी तक हिंसा फैलाने के आरोप में 50 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं। यहां पर आज गिरफ्तार लोगों की संख्या काफी बढ़ सकती है।
आनंद कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के अलावा हमारा प्रयास है कि समुदायों में परस्पर भाईचारा कायम रहे। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। हर जगह पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
उन्होंने दावा किया कि कल वहां कुछ असामाजिक तत्वों ने एक मस्जिद के गेट को तोडऩे का प्रयास किया। वह सभी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। एडीजी ने बताया कि पीएसी की पांच कंपनियां व रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की एक कंपनी कासगंज के हिंसा प्रभावित इलाकों में गश्त कर रही है। जोन से अतिरिक्त सिविल पुलिस अधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं।