गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई राजेश साहनी को अंतिम विदाई, बेटी ने दी पिता को मुखाग्नि
डीजीपी ने दिया राजेश साहनी के पार्थिक शरीर को कंधा। राजधानी स्थित बैकुंड धाम पर बेटी श्रेया ने अपने पिता को दी मुखाग्नि।
लखनऊ[जागरण संवाददाता]। गोली मारकर आत्महत्या करने वाले एएसपी राजेश साहनी का बुधवार को अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस लाइन में अंतिम सलामी के बाद राजेश साहनी के पार्थिव शरीर को राजधानी स्थित बैकुंड धाम पर ले जाया गया। यहां एएसपी राजेश की बेटी श्रेया ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान प्रदेश के बड़े आला अधिकारी और परिवार के लोग भी अंतिम दर्शन करने पहुंचे। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सरकार की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी: अंतिम संस्कार से पहले पुलिस लाइन में एएसपी राजेश साहनी को श्रद्धांजलि देते हुए गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद डीजीपी ने राजेश साहनी के पार्थिक शरीर को कंधा दिया और बैकुंड धाम ले जाया गया।
एटीएस मुख्यालय में खुद को मारी थी गोली: गौरतलब हो कि 29 मई यानी मंगलवार को उत्तर प्रदेश एटीएस के तेज तर्रार अधिकारी राजेश साहनी ने आत्महत्या कर ली। पीपीएस अधिकारी राजेश साहनी ने गोमतीनगर में एटीएस मुख्यालय में अपनी सरकारी पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली। एटीएस के आईजी अमिताभ यश ने साहनी के गोली मारने की पुष्टि की थी।
निभाते थे एसोसिएशन की जिम्मेदारी: एएसपी राजेश साहनी प्रातीय पुलिस सेवा संघ में भी सक्रिय सदस्य होने के साथ एसोसिएशन की भी जिम्मेदारी निभाते थे। पीपीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष एएसपी अजय मिश्र के मुताबिक, राजेश साहनी आफिस के काम करने के साथ ही एसोसिएशन के कार्यक्रमों और कार्यो में भी बढ़चढ़ के हिस्सा लेते थे। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एएसपी सीबीसीआइडी अवनीश मिश्र के मुताबिक राजेश साहनी एसोसिएशन के कार्यक्रमों में मंच का संचालन करते थे। घटना से एएसपी क्त्राइम डीके सिंह एवं एएसपी दिनेश कुमार यादव व अन्य पदाधिकारियों में शोक की लहर है।