अब ईदगाह में ढकेंगे जरूरतमंद के तन, घर ले जाएं अपनी पसंद का नि:शुल्क कपड़ा Lucknow News
लखनऊ ऐशबाग ईदगाह में इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की मौजूदगी में लगा द आदम फ्री मॉल। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने कंबल बांट कर किया इस मुहिम का शुभारंभ।
लखनऊ, जेएनएन। कोहरे के कहर और बर्फीली हवाओं से लखनऊ में ठिठुरन बढ़ी है। आश्रयहीन लोगों के लिए रैन बसेरे बनाए गए हैं, जगह-जगह अलाव जल रहे हैं। इसी कड़ी में ऐशबाग ईदगाह स्थित इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में सोमवार को हिंदू, मुस्लिम, सिख व ईसाई सभी धर्मों के जरूरत मंद लोगों को नि:शुल्क कपड़े देने के लिए मुहिम के तहत द आदम फ्री मॉल की शुरूआत की गई।
इस मुहीम का शुभारंभ जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने कंबल बांट कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस मुहिम से जुड़कर अच्छा लगा। वहीं, ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि इंसान की सेवा करना सबसे बड़ी इबादत है। मानव होने के नाते एक व्यक्ति का फर्ज है वह निःस्वार्थ भाव से दूसरे मनुष्य की सेवा करे, यही मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है।
दान में मिले कपड़े, अब ढकेंगे जरूरत मंद के तन
ईदगाह में आयोजित द आदम फ्री मॉल में शहर के निवासियों द्वारा दान में मिले कपड़ों को धो-प्रेस कर सजाया गया है। मौलाना ने बताया कि कोई भी जरूरत मंद इंसान सुबह 11 से शाम 7 बजे के बीच अपने साइज व पसंद के अनुसार कपड़ा नि:शुल्क ले जा सकता है। बस एक आइडेंटी प्रूफ दिखाकर कोई भी कपड़ा चुनकर घर ले जाएं। शहर में कई जगह डोनेट सेंटर बनाए गए हैं, जहां लोग कपड़ों का दान कर इस मुहिम से जुड़ सकते हैं। दान किए कपड़ों को ड्राईक्लीन कराकर मॉल में टांगा जाता है।
द आदम फ्री मॉल की शुरुआत द ऐडम्स किचन की तर्ज पर
बता दें, द आदम फ्री मॉल की शुरुआत द ऐडम्स किचन की तर्ज पर की गई। 16 नवंबर 2019 से मुस्लिम युवाओं ने शबाग ईदगाह स्थित इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में गरीबों के लिए दस्तारख्वान सजाया। नि:शुल्क भर पेट खाना खिलाने की मुहिम शुरू की गई थी। रोजाना शाम 7:30 से रात 9:30 बजे के बीच कोई भी इंसान यहां आकर खाना खा सकता है। दस्तरख्वान का रोजाना अलग मेन्यू है। शुरुआत में इस मुहिम से करीब 100-150 लोग जुड़े, जो अब बढ़कर 300 तक पहुंच गई है। इसी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए द आदम फ्री मॉल की शुरूआत की गई।