वैन चालक से परेशान होकर कक्षा छह की छात्रा ने कर ली थी आत्महत्या, आरोपित गिरफ्तार
लखनऊ पुलिस ने नहीं लगाई छेड़खानी की धारा। छह महीने से परेशान कर रहा था वैन चालक आत्महत्या के उकसाने का मुकदमा।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में 15 साल की छात्रा से छेड़खानी करने वाले वैन चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पिछले छह महीने से चालक छात्रा को परेशान कर रहा था। बता दें छात्रा ने इसी के चलते बीते दिन यानी गुरुवार को आत्महत्या कर ली थी। तहरीर पर आरोपित के खिलाफ आत्महत्या के उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज हुई है, जबकि मृतका की मां ने तहरीर से लेकर बयान तक में छेड़खानी की बात कही है। फिर भी संबंधित मुकदमे में छेड़खानी की धारा नहीं लगाई गई।
ये है पूरा मामला
मामला गोमतीनगर थाने का है। मूलत: रायबरेली की रहने वाली छात्रा अपनी मां व तीन भाई-बहन के साथ यहां किराए के मकान में रहती थी। छात्रा तीन साल पहले ही परिवार के साथ लखनऊ आई थी। उसके पिता व भाई रायबरेली में रहते हैं। मां गोमतीनगर स्थित एक स्कूल में शिक्षिका है। घर की माली हालत अच्छी न होने के कारण 12वीं में पढ़ने वाली छात्रा की बड़ी बहन भी गोमती नगर स्थित कंपनी में जॉब करती है। मृतका की मां के मुताबिक, गिरफ्तार चालक दुर्गेश पिछले छह महीने से दुर्गेश छात्रा को परेशान कर रहा था।
घटना के समय उसकी मां स्कूल गई थीं। इसी बीच कोमल ने फांसी लगाकर जान दे दी।
आरोपित को मिले कड़ी सजा
छात्रा की बहन का कहना है कि आरोपित अक्सर उनकी बहन का पीछा करता था, दोस्तों संग छेड़खानी करता था। दो बार उसे समझाया भी गया, लेकिन वह नहीं माना। जेल से छूटना नहीं चाहिये, उसके खिलाफ पुलिस कठोर कार्रवाई करे।
शोहदे के डर से स्कूल भी जाना किया था बंद
छात्रा ने आरोपित वैन चालक और उसके दोस्तों के डर से स्कूल जाना भी बंद कर दिया था, लेकिन घरवालों के समझाने पर वह दोबारा स्कूल जाने लगी और आरोपित उसे फिर परेशान करने लगे।
मकान भी बदला फिर भी नहीं छोड़ा पीछा
छात्रा की मां का कहना है कि शोहदे के भय से उन्होंने अपना मकान बदल दिया, लेकिन फिर भी उसने पीछा नहीं छोड़ा। उन्होंने बताया कि जब बेटी स्कूल नहीं जाती तो आरोपित वैन चालक उसे फोन कर अश्लील बातें करता, विरोध पर जान से मारने की धमकी देता। उन्होंने आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।