हेमा और उसके वकील की हत्या करनेवाला संदिग्ध वाराणसी से गिरफ्तार
मुंबई की विख्यात पेंटर हेमा उपाध्याय तथा उनके वकील हरीश जी बम्बानी की हत्या के आरोपी को आज उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के साथ मुंबई पुलिस ने वाराणसी से गिरफ्तार किया है।
लखनऊ। मुंबई की विख्यात पेंटर हेमा उपाध्याय तथा उनके वकील हरीश जी बम्बानी की हत्या के आरोपी को आज उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के साथ मुंबई पुलिस ने वाराणसी से गिरफ्तार किया है। मुंबई के एक नाला में कल हेमा उपाध्याय और उनके वकील हरीश बम्बानी का शव मिलने के बाद से मुंबई पुलिस को राजभर नाम के शख्स की तलाश थी। एसटीएफ के साथ मुंबई पुलिस भी इस अभियान में शामिल थी।
मुंबई में हेमा उपाध्याय व वकील हरीश जी बम्बानी की हत्या में आरोपित एक युवक को मुम्बई और वाराणसी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वाराणसी के बड़ागाव के कविरामपुर के गोसाईपुर गांव में घर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी ने बताया कि हत्या में पांच लोग शामिल थे जिनमें से दो मुम्बई में गिरफ्तार हो चुके है। बड़ागांव में आरोपी शिवकुमार उर्फ साधू राजभर को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से मृतकों के एटीएम कार्ड बरामद हुआ है।
वाराणसी में कल से एसटीएफ व मुंबई पुलिस ने कातिल को खोजने का अभियान चलाया था। इस संयुक्त अभियान में बड़ागांव के बाबतपुर से आज एक बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम शिवकुमार राजभर उर्फ साधू बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, राजभर ही वो है, जिसने हेमा को यह कहकर मिलने के लिए बुलाया था कि उसके पास उनके पूर्व पति चिंतन उपाध्याय के बारे में कोई सूचना है। इसके बाद हेमा ने मिलने के लिए हां कह दी, लेकिन उन्होंने अपने साथ वकील को लेकर आने की भी बात कही। इस तरह हेमा, उनके वकील और राजभर के बीच मुलाकात तय हुई थी। पुलिस को इसके बाद से ही राजभर नाम के शख्स की तलाश थी। इस मामले में मुंबई पुलिस ने हेमा के पूर्व पति से भी पूछताछ की है। इसके अलावा तीन लोगों को हिरासत में भी लिया गया है, लेकिन अभी इनका नाम नहीं बताना चाहती है। अभी तो शुरुआती जांच के आधार पर मुंबई पुलिस को यह कॉन्ट्रेक्ट किलिंग का मामला लग रहा है।
हेमा का पति चिंतन उपाध्याय से झगड़ा चल रहा था। दोनों के बीच तलाक को लेकर कानूनी मामला चल रहा था। कल ही मुंबई के कांदिवली इलाके में एक नाले में हेमा और उनके वकील की लाशें मिलीं थीं। दोनों शव एक गत्ते के बॉक्स में पैक थे। हेमा के पूर्व पति चिंतन भी एक आर्टिस्ट हैं। हेमा ने 2013 में चिंतन के खिलाफ उत्पीडऩ का केस दर्ज कराया था। इस मामले में बंबानी ही उनके वकील थे। हेमा अपने पति से अलग रह रही थीं। वह गुजरात ललित कला अकादमी और राष्ट्रीय ललित कला अकादमी के सालाना अवॉर्ड जीत चुकी थीं। उन्हें मानव संसाधन मंत्रालय की ओर से नेशनल स्कॉलरशिप भी मिली हुई थी।