Violence during CAA Protest : हिंसा में पीआरवी की गाड़ी जलाने वाला गिरफ्तार
19 दिसंबर को सीएए और एनआरसी के विरोध की आड़ में आरोपित ने किया था उपद्रव। सीसी फुटेज की मदद से कैसरबाग पुलिस ने उपद्रवी को दबोचा।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में सीएए और एनआरसी के विरोध में आगजनी करने वालों की धरपकड़ जारी है। कैसरबाग के शुभम चौराहे के पास 19 दिसंबर को पीआरवी की गाड़ी में आग लगाने के आरोपित को पुलिस ने गिरफतार किया है। एडीसीपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक आरोपित जमबूरखाना निवासी मोहम्मद हारून को सीसी फुटेज की मदद से पकड़ा गया है। आरोपित ने अपने साथियों संग मिलकर न केवल पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की थी बल्कि उनकी गाड़ी में आग लगा दिया था।
पुलिस ने उपद्रवियों की फोटो भी सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा की है, जिससे उनकी पहचान हो सके। पड़ताल के दौरान पुलिस को हारून के बारे में जानकारी मिली। छानबीन के दौरान पुलिस ने घटना के दिन की सीसी फुटेज खंगाली तो हारून पुलिस पर पथराव करते नजर आया। फुटेज की मदद से पुलिस टीम हारून की तलाश कर रही थी। आरोपित फरार था, जिसे शुक्रवार तड़के कैसरबाग पुलिस ने दबोच लिया। गौरतलब है कि 19 दिसंबर को परिवर्तन चौराहा, सतखंडा, हुसैनाबाद और खदरा में उपद्रवियों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान आगजनी की थी। परिर्वतन चौराहे पर कई गाडि़यों में आग लगा दी गई थी।
वहीं सतखंडा और हुसैनाबाद में उपद्रवियों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए पुलिस चौकी में आग लगा दी थी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। खदरा में भी आगजनी, पथराव और पुलिस पर हमला हुआ था। एडीसीपी पश्चिम का कहना है कि इस मामले में बड़ी संख्या में उपद्रवियों को गिरफ़तार किया जा चुका है और अन्य की तलाश की जा रही है। प्रशासन की ओर से सरकारी संपत्ति का नुकसान करने वालों से वसूली की कार्यवाई भी जारी है।
19 दिसंबर 2020 को ये थे हालात
- सुबह 10 बजे परिवर्तन चौक पर पुलिस फोर्स बढ़ाई गई
- 10:40 बजे विधान भवन के बाहर सपा नेताओं का प्रदर्शन
- 10:45 बजे कांग्रेस नेताओं ने विधान भवन के बाहर धरना शुरू किया
- 11 बजे सपा जिला कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए
- 11 बजे केडी सिंह बाबू मेट्रो स्टेशन बंद कराया गया
- 11:30 बजे सपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे
- 11:45 बजे सपा छात्र सभा के कार्यकर्ताओं को हजरतगंज चौराहे से हिरासत में लिया गया
- 12 बजे सपा कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठ गए
- 12:45 बजे दोपहर में कलेक्ट्रेट में लाठीचार्ज
- 01 बजे घंटाघर पर प्रदर्शन कर रहे तीन युवक पकड़े गए
- 01:05 बजे बारादरी के सामने सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया
- 01:10 बजे प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए, आगजनी-पथराव
- 01:20 बजे शिया कॉलेज के सामने हंगामा
- 01:30 बजे हुसैनाबाद में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया
- 01:35 बजे सतखंडा पुलिस चौकी में आगजनी की
- 01:40 परिवर्तन चौक पर महिला संगठनों की कार्यकर्ता पहुंची
- 02:00 बजे परिवर्तन चौक के पास प्रदर्शनकारियों का हंगामा
- 02:15 बजे पुलिस से झड़प, कुछ प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए
- 02:30 बजे केडी सिंह बाबू मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचे प्रदर्शनकारी
- 03:30 बजे प्रदर्शनकारी बेरिकेडिंग तोड़कर परिवर्तन चौराहे पर पहुंचे, लाठी चार्ज
- 03:45 बजे उपद्रवियों ने गाडिय़ों में आगजनी शुरू कर दी
- 04:00 बजे पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा
- 04:20 बजे डीजीपी परिवर्तन चौक पहुंचे।