चारबाग से विंध्याचल के बीच एसी बस आज से, प्रति सीट देना होगा इतना किराया
थ्री बाई टू सीट व्यवस्था वाली यह बस सेवा इलाहाबाद होते हुए विंध्याचल जाएगी।
लखनऊ(जागरण संवाददाता)। नवरात्र को लेकर परिवहन निगम प्रशासन चारबाग बस स्टेशन से विंध्याचल के लिए सस्ती जनरथ एसी बस सेवा की शुरुआत गुरुवार (22 मार्च) से कर रहा है। थ्री बाई टू सीट व्यवस्था वाली यह बस सेवा इलाहाबाद होते हुए विंध्याचल जाएगी।
प्रति सीट देना होगा 399 रुपये किराया
यात्रियों को 597 किमी. की इस दूरी के लिए 399 रुपये किराया प्रति सीट देना होगा। गुरुवार की रात साढ़े दस बजे चारबाग से विंध्याचल के लिये जनरथ बस निकलेगी। यह जानकारी एआरएम अम्बरीन अख्तर ने दी। उन्होंने बताया कि रायबरेली, ऊंचाहार, कुंडा, इलाहाबाद सिविल लाइंस होते हुए दूसरे दिन भोर साढ़े पाच बजे विंध्याचल धाम पहुंचेगी। वापसी में यही बस विंध्याचल से दोपहर दो बजे चलेगी। इस बस सेवा में ऑनलाइन टिकट के अलावा चारबाग व कैसरबाग बस स्टेशन पर काउंटर से भी टिकट उपलब्ध कराया जाएगा। ऑनलाइन सीट बुकिंग की सुविधा भी इस जनरथ सेवा में है।