यूपी में पंचायत चुनाव लड़ेगी आप, नए पदाधिकारी किए घोषित; 23 मार्च से शुरू होगा अभियान
उत्तर प्रदेश आधी-बारिश से हुए फसल नुकसान पर की सीएम से किसान को 50 हजार प्रति हेक्टेयर मुआवजा मांगा।
लखनऊ, जेएनएन। दिल्ली में फिर सत्ता हासिल होने से उत्साहित आम आदमी पार्टी (आप) की नजरें अब यूपी पर टिक गई हैं। वह पार्टी के विस्तार के साथ-साथ पूरी ताकत के साथ अकेले पंचायत चुनावों में भी उतरेगी। आप के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने बताया कि इसके लिए 23 मार्च से लेकर 23 जून तक जन संवाद अभियान शुरू करेगी। वह 1.08 लाख गांव व 12 हजार नगर पंचायत क्षेत्रों में सघन जन संपर्क अभियान चलाएगी। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार के माडल को जनता के सामने रखने के लिए 1200 टीमें गठित की गई हैं।
शनिवार को नए पदाधिकारी भी घोषित किए गए, इसमें लखनऊ के बृजेश सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष, मोदीनगर के नवाब सोनी को प्रदेश सचिव, बिजनौर के फैसल वारसी को आप यूथ विंग का प्रदेश अध्यक्ष और कानपुर के अंकुर कटियार को आप यूथ विंग का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। सभाजीत सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार की तरह यूपी सरकार भी ओलावृष्टि में फसल के नुकसान पर किसान को 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर के हिसाब से मुआवजा दें। आप की टीम जिलों में जाकर नुकसान का आकलन करेंगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सपा सांसद आजम खान के खिलाफ बदले की भावना से सरकार कार्रवाई कर रही है।
लोगों की आवाज दबा रही सरकार
सीएए के विरोध में हुए हिंंसक प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान की भरपाई प्रदर्शनकारियों से करने के लिए जगह-जगह होर्डिंग लगाए जाने के सवाल पर सभाजीत सिंह ने कहा कि सरकार लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रहार कर रही है।