हाल में सो रहे साथियों ने भी नहीं सुनी गोली की आवाज!
बैरक नंबर तीन में प्रथम तल पर हाल में सो रहे थे 10-12 जवान। रात करीब 12:30 बजे मारी गोली, सुबह साथियों को हुई जानकारी।
लखनऊ, जेएनएन। सीआरपीएफ जवान ने गुरुवार रात करीब 12:30 बजे खुद को गोली मारी थी। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक विशेषज्ञों की पड़ताल में हुआ। घटना के समय हाल में करीब 10-12 जवान सो रहे थे। पर ताज्जुब यह है कि गोली चलने की आवाज किसी को नहीं सुनाई थी। इंस्पेक्टर सरोजनीनगर राम सूरत सोनकर के मुताबिक बेड पर मच्छरदानी तनी थी। मनजिंदर के बिस्तर से चारों और मच्छरदानी फंसी थी। उसका एक हाथ सीने पर था। फोरेंसिक टीम करीब 11:30 बजे मौके पर पहुंची। फोरेंसिक एक्सपर्ट का कहना है कि घटना करीब 10 घंटे पहले की है। क्योंकि बॉडी पूरी तरह से ठंडी हो चुकी थी। वहीं, मौके पर देखा गया कि हाल 10-12 जवानों के बिस्तर लगे थे। जो थोड़ी-थोड़ी दूरी पर थे।
चार से छह इंच की दूरी से मारी गई गोली
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक एक्सपर्ट के मुताबिक गोली दाहिने हाथ से चार से छह इंच की दूरी से माथे पर मारी गई है। माथे पर बर्न इंजरी थी। गोली माथे को भेदती हुई सिर के पीछे से निकली थी। पिस्टल का ट्रिगर चढ़ा था और एक गोली चेंबर में फंसी थी।
गार्ड कमांडर पर होगी कार्रवाई
सीआरपीएफ के विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गार्ड कमांडर प्रताप सिंह लाम्बा पर कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि उसकी लापरवाही के कारण पिस्टल का दुरुपयोग हुआ है। गार्ड कमांडर के रिटायरमेंट के भी तीन-चार साल बचे हैं।
फ्लाइट से पंजाब भेजा गया शव
पोस्टमार्टम के बाद मनजिंदर का शव फ्लाइट से देर शाम पंजाब भेज दिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मनजिंदर के परिवारीजन लखनऊ तक नहीं आ सके। इस कारण पोस्टमार्टम के बाद शव को देर शाम फ्लाइट से पंजाब भेजा गया।
मौत से पहले पत्नी से की थी बात
पुलिस जांच में पता चला है कि आत्महत्या करने से पहले मनजिंदर ने अपनी पत्नी गुरजीत से मोबाइल से वीडियो कालिंग के जरिए बात की थी। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और पड़ताल कर रही है। पुलिस इस सबंध में मनजिंदर के परिवारीजनों से भी बात करेगी।