छह नवंबर को इकाना स्टेडियम तक दौड़ेंगी 50 स्पेशल बसें
महानगर बस सेवा प्रबंधन ने शुरू की तैयारी। मैच शुरू होने से पहले और समाप्ति के बाद रात को दर्शकों को वापसी के लिए बसें उपलब्ध होंगी।
लखनऊ(जेएनएन)। पहली बार लखनऊ में होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट मैच के लिए महानगर बस सेवा ने भी तैयारी शुरू कर दी है। छह नवंबर को होने वाले मैच के लिए 50 स्पेशल बसों का संचालन इकाना स्टेडियम तक होगा।
यह बसें शहर के अलग-अलग हिस्सों से चलेंगी। महानगर बस सेवा के प्रबंध निदेशक आरिफ सकलैन ने बताया कि इकाना स्टेडियम जाने के लिए रूटों का सर्वे होगा। इसी आधार पर मैच शुरू होने से पहले और समाप्ति के बाद रात को दर्शकों को वापसी के लिए बसें उपलब्ध होंगी। जल्द ही उनका टाइम टेबल जारी किया जाएगा। जिन विशेष बसों का संचालन मैच के दौरान किया जाएगा उनकी मरम्मत के आदेश दे दिए गए हैं।
गोमतीनगर विस्तार में बने इकाना स्टेडियम तक पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था बहुत कम है। शहीद पथ पर नाम मात्र के सार्वजनिक वाहन चलते हैं। इसे देखते हुए शहर के चारबाग, एयरपोर्ट तिराहा, मुंशी पुलिया, बीकेटी, मडिय़ांव, तेलीबाग स्थित शनि मंदिर, बाराबंकी सहित कई अन्य स्थानों से विशेष सिटी बसों के संचालित होने की संभावना है।