Move to Jagran APP

UP Assembly Election 2022: चुनावी चौसर सजाने जुटे भाजपा के रणनीतिकार, पदाधिकारियों संग बैठकें शुरू

UP Assembly Election 2022 चुनाव प्रभारी सात सह प्रभारी और छह क्षेत्रीय संगठन प्रभारियों की भाजपा टीम बुधवार को लखनऊ पहुंच गई। स्पेशल टास्क फोर्स की तरह मिशन-2022 के लिए तैयार की गई धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व वाली यह टीम संगठन के साथ समन्वय बनाकर सत्ता वापसी की रणनीति बनाएगी।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Wed, 22 Sep 2021 09:40 PM (IST)Updated: Thu, 23 Sep 2021 06:44 AM (IST)
UP Assembly Election 2022: चुनावी चौसर सजाने जुटे भाजपा के रणनीतिकार, पदाधिकारियों संग बैठकें शुरू
भाजपा यूपी चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान सहित सहप्रभारी और क्षेत्रीय संगठन प्रभारी के लखनऊ पहुंचे।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। चुनाव प्रभारी, सात सह प्रभारी और छह क्षेत्रीय संगठन प्रभारियों की भारतीय जनता पार्टी की टीम बुधवार को लखनऊ पहुंच गई। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की तरह उत्तर प्रदेश मिशन 2022 के लिए तैयार की गई चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व वाली यह टीम प्रदेश में संगठन के साथ समन्वय बनाकर सत्ता वापसी की रणनीति बनाएगी। यह पहला दौरा तीन दिन के लिए प्रस्तावित है, जिसकी मैराथन बैठकों का सिलसिला प्रदेश मुख्यालय में शुरू हो चुका है।

loksabha election banner

2014 के बाद से लगातार चुनावों में विजय हासिल कर रही भाजपा के पास उत्तर प्रदेश में मजबूत संगठन है, लेकिन समन्वय और मार्गदर्शन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री व वर्तमान में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। अब चूंकि विधानसभा चुनाव नजदीक है, इसलिए चुनावी तैयारियों के लिए पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को प्रदेश चुनाव प्रभारी बनाया है। उनके साथ केंद्रीय सूचना प्रसारण, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर, संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे, शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद सरोज पांडेय, कैप्टन अभिमन्यु और विवेक ठाकुर को सहप्रभारी की जिम्मेदारी दी है। छह क्षेत्रों के संगठन प्रभारी भी बनाए गए हैं।

क्षेत्रों के संगठन प्रभारी तो इस बीच कुछ दौरा कर भी चुके हैं, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान सहित सहप्रभारी बुधवार को लखनऊ पहुंचे। शाम को प्रदेश मुख्यालय में दिल्ली से आई टीम की पहली बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, सभी प्रदेश महामंत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय पदाधिकारी सहित केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय, साध्वी निरंजन ज्योति, कौशल किशोर, एसपी सिंह बघेल आदि शामिल हुए।

प्रदेश मुख्यालय में देर शाम तक बैठक चल रही थी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में पहली बार सभी मंत्री और पदाधिकारियों का परिचय चुनाव प्रभारी और सहप्रभारियों के साथ कराया गया। बैठक में पार्टी द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों, अभियानों के बारे में चर्चा हुई साथ ही आगामी कार्यक्रमों के संदर्भ में भी प्रारम्भिक चर्चा हुई। आगामी कार्ययोजना व कार्यक्रमों सहित अन्य संगठनात्मक गतिविधियों के संदर्भ में गुरुवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सुबह साढ़े दस बजे से बैठक होगी, जिसमें विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। इस औपचारिक बैठक के बाद जातीय-क्षेत्रीय समीकरण और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सह प्रभारियों के बीच जिलों का बंटवारा भी चुनावी तैयारी की दृष्टि से किया जाना है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर बैठक का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह व प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान सहित सभी सह प्रभारियों व सह चुनाव प्रभारियों का अंग वस्त्र पहनाकर अभिनंदन किया, जबकि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सभी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत व अभिनंदन किया। 

गुरुवार सुबह आठ बजे पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को लेकर प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान करेंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.