यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
International Yoga Day: लखनऊ में योग के लिए 22 सौ पार्क तैयार, चार लाख लोगों को भेजा गया मैसेज
International Yoga Day 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए लखनऊ के 22 पार्क पूरी तरह से तैयार हैं। ...और पढ़ें

लखनऊ, जागरण संवाददाता। योग करने के लिए नगर निगम ने अपने 22 सौ पार्कों को तैयार कर दिया है। यहां पर हर दिन लोग सुबह योग कर सकेंगे। 21 जून तक यह अभियान जारी रहेगा। मंगलवार से करीब चार सौ पार्कों से इसकी शुरुआत भी हो गई। पहले दिन योग शिविर में 21840 लोगों ने भाग लिया। मंगलवार को गोमतीनगर के पार्क से मंडलायुक्त रंजन कुमार, जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार और नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी ने इसकी शुरुआत की, जिसमे गोमतीनगर के निवासी भी शामिल हुए।
नगर निगम के विभिन्न पार्कों में मंगलवार को योग करने के लिए चार सौ लोग जुटे। नगर आयुक्त ने बताया कि करीब चार लाख लोगों को मोबाइल फोन पर मैसेज किया गया है कि वे अपने नजदीक के पार्क में योग करने पहुंचें। प्रत्येक पार्क में एक अथवा दो योगाचार्यों और योग शिक्षकों को तैनात किया गया है, जो प्रतिदिन योग व प्राणायाम का अभ्यास कराएंगे। साथ ही सभी जोनों में एक-एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया गया है। योग शिविर में प्रतिभाग करने वालों के लिए नगर निगम द्वारा सभी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी, जिससे अगले एक हफ्ते तक चलने वाले अमृत योग सप्ताह को सफल बनाया जा सके।
वहीं 22 सौ पार्कों में भी जल्द योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम द्वारा विभिन्न माध्यमों से प्रचार प्रसार कराया जा रहा है, जिससे कि अधिकाधिक संख्या में लोग इन योग शिविरों का हिस्सा बन सकें। उन्होंने बताया कि सभी को बताया जा रहा है कि योग के लाभ किस तरह से दिखने लगते हैं। इसी तरह की जानकारी योग शिक्षक भी दे रहे हैं। यह लक्ष्य रखा गया कि 21 जून को शहर के अधिक से अधिक लोगों को योग दिवस में शामिल हों।
