लखनऊ में बहादुर महिला के घर पहुंचे पुलिस आयुक्त, DGP ने वीडियो कॉल कर कहा- बहादुर हैं आप
Brave woman in Lucknow रायबरेली रोड पर बदमाशों से भिड़कर चेन का आधा हिस्सा बचाने वाली बुजुर्ग महिला से पुलिस आयुक्त ने सोमवार को उनके आवास पर जाकर मुलाकात की और उनका हाल पूछा। महिला की बहादुरी की अधिकारियों ने सराहना की।
लखनऊ, संवाद सूत्र। बहादुर हैं आप। ऐसे ही लोग बहादुरी दिखाएं तो अपराध में कमी आएगी। आपको चोट भी लगी है क्या... कुछ इसी लहजे में डीजीपी मुकुल गोयल ने सोमवार को चेन लूटेरों से भिड़ने वाली देवता माैर्या से वीडियो कॉल पर बात की। खुद पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर महिला के घर पहुंचे थे। पुलिस आयुक्त ने अपने फोन से डीजीपी को वीडियो कॉल किया और देवता माैर्या से उनकी बात कराई। पुलिस अधिकारियों के इस पहल की सराहना हो रही है।
रायबरेली रोड पर बदमाशों से भिड़कर चेन का आधा हिस्सा बचाने वाली बुजुर्ग महिला से पुलिस आयुक्त ने सोमवार को उनके आवास पर जाकर मुलाकात की और उनका हाल पूछा। महिला की बहादुरी की अधिकारियों ने सराहना की। डीजीपी ने महिला से उनके चोट के बारे में पूछा तो देवता ने बताया कि अभी वह ठीक हैं। हालांकि उन्हें हल्की चोट आई है। वृंदावन कालोनी में रहने वाली देवता माैर्या की चेन रविवार को स्कूटी सवार बदमाशों ने छीन ली थी। देवता बदमाशों से भिड़ गई थीं और आधी से ज्यादा चेन बचा ली थी। वहीं, बदमाश चेन का एक हिस्सा लेकर भाग निकले थे।
सोमवार को खबर प्रकाशित होने के बाद डीजीपी ने मामले का संज्ञान लिया। डीजीपी ने महिला से कहा कि टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। उधर, पुलिस आयुक्त ने इस मामले में दर्ज एफआइआर की जानकारी ली और बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। पुलिस सीसी फुटेज के माध्यम से बदमाशों की पहचान की कोशिश कर रही है। महिला का कहना है कि वह बदमाशों को सामने आने पर पहचान लेंगी। पुलिस ने कुछ संदिग्धों से भी पूछताछ की है।
महिला गिरफ्तार : दूसरे के पति को अपना बताकर फर्जी पेपर के जरिए महिला का मकान कब्जा करने के आरोप में इंदिरानगर पुलिस ने अजमतुन निशा को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला के खिलाफ पीड़ित कमर जहां ने फरवरी 2020 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। यह एफआइआर कोर्ट के आदेश पर हुई थी। आरोपित महिला ने खुद को कमर जहां के पति महमूद खां की पत्नी बताकर फर्जीवाड़ा किया था।