Uttar Pradesh Weather News: ईद पर बारिश से मौसम हुआ सुहावना, अगले दो दिन तक साफ रहेगा मौसम
Uttar Pradesh Weather News राजधानी में मौसम शुष्क बना रहेगा। बारिश के चलते गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री कम 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 3.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में शुक्रवार को ईद के मौके पर मौसम भी मेहरबान रहा सुबह अचानक बादल गरजने के साथ ही कुछ इलाकों में तेज बौछारें पड़ी। मौसम विभाग ने इसका पूर्वानुमान भी जताया था हालांकि राजधानी में मौसम साफ रहने का अनुमान था, लेकिन मौसम बदल गया। प्रदेश में शुक्रवार को भी कई जगह गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है हालांकि शनिवार से मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन दो दिन के बाद एक बार फिर मौसम में उठापटक की संभावना है।
आंधी और बारिश ने बुधवार शाम मौसम का मिजाज ही बदल दिया। गुरुवार को भी दिनभर आंशिक बदली बनी रही और शाम होते-होते कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई तो कहीं हल्की बारिश रिकॉर्ड हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी प्रदेश में कुछ जगह बौछारें पडऩे की संभावना है। हालांकि, राजधानी में मौसम शुष्क बना रहेगा।
बारिश के चलते गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री कम 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 3.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजधानी में एक मिली मीटर से कम बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार के बाद अगले दो दिन मौसम साफ रहेगा, लेकिन इसके बाद फिर बारिश की संभावना है। जाहिर है कि मई में जहां भीषण गरमी पड़ती है वहां इन दिनों मौसम नरम बना हुआ है। जो लोगों के लिए एक बड़ी राहत है।
बारिश से प्रदूषण और कम हुआ
राजधानी और उसके आसपास हुई हल्की बारिश का असर वायु प्रदूषण पर भी देखने को मिला। गुरुवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) लुढ़क कर 84 की रेंज में रिकॉर्ड हुआ। यानी गुरुवार मई का सबसे कम प्रदूषित दिन रहा। बुधवार को एक्यूआइ 116 रिकॉर्ड हुआ था। यानी 24 घंटे में प्रदूषण स्तर में 32 यूनिट की गिरावट दर्ज की गई।