महिला दिवस पर महिलाओं के लिए खुशखबरी, लखनऊ की ऐतिहासिक इमारतों में करें फ्री में सैर
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर स्कूलों में चौपाल लगाकर महिला स्वावलंबन और सुरक्षा की बात की जाएगी तो वहीं सरकार के निर्देश पर महिलाएं लखनऊ की प्राचीन ऐतिहासिक इमारतों की सैर निशुल्क कर सकेंगी। साथ ही नारी सुरक्षा को लेकर शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन भी किए जाएंगे।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मिशन शक्ति अभियान के तहत इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस खास तरीके से मनाने जा रही है। सोमवार को स्कूलों में चौपाल लगाकर महिला स्वावलंबन और सुरक्षा की बात की जाएगी तो वहीं, सरकार के निर्देश पर महिलाएं लखनऊ की प्राचीन ऐतिहासिक इमारतों की सैर निशुल्क कर सकेंगी। इसके अलावा महिला दिवस पर नारी सुरक्षा को लेकर शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन भी किए जाएंगे। स्कूलों में बालिकाओं का सम्मान में कार्यक्रम के आयोजन किए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक स्कूल को एक हजार रुपये की राशि भी विभाग की ओर से जारी की गई है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सोमवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला दिवस पर उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों व कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इसमें बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी बुलाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान महिला और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा व स्वावलंबन की शपथ भी अभिभावकों को दिलाई जाएगी। स्कूलों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता छात्रों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार मिशन शक्ति अभियान में बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए व्यापक अभियान चला रही है। इसी क्रम में प्रदेश के समस्त विद्यालयों में महिला दिवस पर बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के मुद्दों पर बड़े पैमाने पर जनमुहिम चलाई जाएगी। इसके अलावा स्कूल के प्रधानाध्यापक और वार्डन, सुगमकर्ता, शिक्षामित्र और पावर एंजिल अपने विद्यालय से सेवित मजरों, बस्ती, गाव और ग्राम पंचायत में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन हेतु प्रचार व प्रसार भी करेंगे।
घरेलू हिंसा व लिंग भेद पर होगी चर्चा : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर स्कूलों में बच्चों की ओर से पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। प्रदर्शनी के जरिए बच्चे घरेलू हिंसा, बाल विवाह, लिंग भेद, बाल अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने का काम करेंगे। साथ ही विद्यालय में प्रोजेक्टर के जरिए फिल्म खुशी, स्वशक्ति, पहेली का प्रदर्शन भी किया जाएगा। चौपाल में पावर एंजिल द्वारा मुझे स्कूल अच्छा लगता है विषय पर वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम में बालिकाओं को सेफ टच-अनसेफ टच जैसे विषय पर जानकारी भी दी जाएगी। सरकार की महिला हेल्पलाइनों की जानकारी भी अभिभावकों व बच्चों को दी जाएगी।
एतिहासिक इमारतों की महिलाएं मुफ्त एंट्री : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सरकार ने महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। लखनऊ के ऐतिहासिक बड़ा इमामबाड़ा, भूल भुलैया, पिक्चर गैलरी, रूमी गेट व घंटाघर की सैर महिलाएं निशुल्क कर सकेंगी। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद हुसैनाबाद ट्रस्ट ने इसे लेकर आदेश जारी कर दिया है। प्रशासनिक अधिकारी के मुताबिक आठ मार्च को एतिहासिक इमारतों में महिलाओं का प्रवेश निशुल्क रहेगा।